देश की खबरें | यमुना सफाई: मुख्यमंत्री ने किया नालों और वजीराबाद बैराज पर नदी क्षेत्र का निरीक्षण
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को यमुना नदी की सफाई के लिए जारी कई परियोजनाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को रिवरफ्रंट परियोजना पर काम करने के निर्देश दिए।
नयी दिल्ली, 10 अप्रैल दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को यमुना नदी की सफाई के लिए जारी कई परियोजनाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को रिवरफ्रंट परियोजना पर काम करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उपराज्यपाल वीके सक्सेना और जल मंत्री प्रवेश वर्मा मुख्यमंत्री के साथ मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ हम यमुना की सफाई प्रक्रिया की लगातार निगरानी कर रहे हैं। 22 नालों की सफाई का काम जारी है, ताकि इन नालों से निकलने वाला शोधित पानी नदी में गिरते समय निर्धारित मानकों के अनुसार हो।’’
गुप्ता ने पूर्व की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने नाले के माध्यम से यमुना में गिरने वाले अनुपचारित अपशिष्ट जल पर ध्यान नहीं दिया।
मुख्यमंत्री गुप्ता ने वजीराबाद में पूरक नाले, बारापुला नाला, सुनहरी पुल नाला और कुशक नाले का भी निरीक्षण किया और गाद निकालने संबंधी परियोजनाओं पर जारी कामों का भी जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नालों की सफाई के साथ-साथ यमुना रिवरफ्रंट परियोजना भी जारी है।
नजफगढ़ और शाहदरा समेत 22 बड़े नाले हैं, जहां से गाद निकालने का काम जारी है। पिछले साल दिल्ली सरकार के शहरी विकास विभाग ने सभी संबंधित एजेंसियों को इन नालों को सिंचाई और बाढ़ विभाग को सौंपने का निर्देश दिया था।
इन नालों के प्रबंधन के लिए एक ही एजेंसी को जिम्मेदार बनाने के अदालत के आदेश के बाद सरकार ने यह फैसला किया था।
अधिकारियों के मुताबिक, इन नालों की सफाई से मानसून के मौसम में राष्ट्रीय राजधानी में बाढ़ प्रबंधन में भी मदद मिलेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)