खेल की खबरें | विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप: नेहा शर्मा कांस्य पदक की दौड़ में: दिव्या, सरिता को मिली शिकस्त
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय महिला पहलवान नेहा शर्मा मंगलवार को यहां रेपेशॉज चरण में मारिया विनीक को हराकर कांस्य पदक मुकाबले के लिए जगह बनाने में सफल रही, जबकि उनकी हमवतन सरिता मोर और दिव्या काकरान यूडब्ल्यूडब्ल्यू (युनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग) विश्व चैंपियनशिप के शुरुआती दौर के मुकाबले हार गईं।
बेलग्रेड, 19 सितंबर भारतीय महिला पहलवान नेहा शर्मा मंगलवार को यहां रेपेशॉज चरण में मारिया विनीक को हराकर कांस्य पदक मुकाबले के लिए जगह बनाने में सफल रही, जबकि उनकी हमवतन सरिता मोर और दिव्या काकरान यूडब्ल्यूडब्ल्यू (युनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग) विश्व चैंपियनशिप के शुरुआती दौर के मुकाबले हार गईं।
गैर-ओलंपिक 55 किग्रा वर्ग में प्रतिस्पर्धा कर रही नेहा ने यूक्रेन की सातवीं वरीयता प्राप्त मारिया विनीक को अंकों के आधार पर 7-4 से हराया। वह कांस्य पदक के लिए जर्मनी की अनास्तासिया ब्लायवास से मुकाबला करेंगी।
उन्नीसवीं वरीयता प्राप्त नेहा अगर इस मुकाबले को जीतने में सफल रही तो यह विश्व चैंपियनशिप के इस सत्र में भारतीय दल का पहला पदक होगा।
भारतीय कुश्ती महासंघ पर प्रतिबंध होने के कारण भारतीय पहलवान युनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग के झंडे तले खेल रहे है।
सरिता (57 किग्रा) और दिव्या (76 किग्रा) दोनों अपने प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले हार गईं। टीम की उनकी साथी अंतिम कुंडू (65 किग्रा) और नीलम (50 किग्रा) को भी शिकस्त का सामना करना पड़ा।
इन चार पहलवानों की रेपेशॉज के माध्यम से कांस्य-पदक दौर में जगह बनाने की संभावना भी खत्म हो गई क्योंकि जिन पहलवानों से वे हार गए थे वे फाइनल में जगह बनाने में असफल रहे।
प्री-क्वार्टर फाइनल या उसके बाद हारने वाले पहलवानों के लिए रेपेशॉज लागू होता है। अगर उन्हें हराने वाला पहलवान फाइनल में पहुंच जाता है तो हारने वाले पहलवान को प्रतियोगिता में अपनी किस्मत को आजमाने का एक और मौका देता है।
सरिता ने शुरुआती चरण में वेनेजुएला की बेत्जाबेथ कोलमेनारेज को 6-1 से शिकस्त दी। वह हालांकि प्री-क्वार्टर फाइनल में नाइजीरिया की ओडुनायो एडेकुओरोये से 4-6 से हार गई। दिव्या क्वालिफिकेशन राउंड में तुर्की की मेहताप गुल्तेकिन से 7-5 जीतने के बाद कनाडा की विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर काबिज जस्टिना रेने के खिलाफ लय जारी नहीं रख सकी।
अंतिम (65 किग्रा) ने विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज क्रोएशिया की इवा गेरिच को 6-0 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। वह हालांकि चीन की लिली से हार गयी।
नीलम (50 किग्रा) ने भी सकारात्मक शुरुआत करते हुए दो जीत दर्ज की। उन्होंने कजाकिस्तान की मराल तांगिरबर्गेनोवा (10-0) और यूक्रेन की ओक्साना लिवाच (6-4) के खिलाफ सफलता हासिल की लेकिन दुनिया की चौथी रैंकिंग की चीन की फेंग जिकी से हार गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)