देश की खबरें | पंजाब में किसी को भी शांति, सौहार्द बिगाड़ने नहीं देंगे: आप

नयी दिल्ली, 29 अप्रैल आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को पंजाब के पटियाला में दो समूहों के बीच हुई झड़प की निंदा की और कहा कि वह किसी को भी राज्य में शांति एवं सौहार्द बिगाड़ने नहीं देगी।

पंजाब में सत्तारूढ़ पार्टी ने यह भी कहा कि "सभी उपद्रवियों को न्याय के कठघरे में लाकर दंडित किया जाना चाहिए।"

स्थानीय अधिकारियों ने शुक्रवार को पटियाला में 11 घंटे के कर्फ्यू की घोषणा की। इससे पहले आज "खालिस्तान विरोधी मार्च" को लेकर दो समूहों के बीच हुई झड़प में चार लोग घायल हो गए।

कर्फ्यू शुक्रवार शाम सात बजे से शनिवार सुबह छह बजे के बीच लागू रहेगा।

आप के चुनावी रणनीतिकार और पंजाब में पार्टी के राजनीतिक मामलों के सह-प्रभारी संदीप पाठक ने एक ट्वीट में कहा, "हम पटियाला में दो राजनीतिक समूहों के बीच हुई झड़प की कड़ी निंदा करते हैं। हम किसी को भी शांति और सद्भाव नहीं बिगाड़ने देंगे। सभी उपद्रवियों को दंडित किया जाना चाहिए।"

यह झड़प काली माता मंदिर के बाहर उस समय हुई जब खुद को "शिवसेना (बाल ठाकरे)" कहने वाले एक संगठन के सदस्यों ने "खालिस्तान मुर्दाबाद मार्च" शुरू किया। निहंगों सहित कुछ सिख कार्यकर्ताओं ने इस मार्च के खिलाफ अपना मार्च निकाला।

शिवसेना के एक नेता ने कहा कि संगठन ने 29 अप्रैल को 'खालिस्तान का कथित स्थापना दिवस' मनाने की सिख फॉर जस्टिस की घोषणा के जवाब में मार्च की योजना बनाई थी।

पटियाला के पुलिस महानिरीक्षक राकेश अग्रवाल ने संवाददाताओं से कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया और कहा कि वह राज्य के पुलिस प्रमुख के संपर्क में हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाब की शांति और सद्भावना अत्यंत महत्वपूर्ण है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)