देश की खबरें | उत्तर प्रदेश के महोबा में महिला से बलात्कार, आरोपी गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महोबा जिले में कबरई थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत से लौट रही एक महिला के साथ कथित रूप से बलात्कार का मामला सामने आया है।

महोबा (उत्तर प्रदेश), एक अप्रैल महोबा जिले में कबरई थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत से लौट रही एक महिला के साथ कथित रूप से बलात्कार का मामला सामने आया है।

पुलिस ने इस मामले में आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।

कबरई थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) दिनेश सिंह ने दर्ज रिपोर्ट के हवाले से बृहस्पतिवार को बताया कि 42 वर्षीय महिला के साथ बलात्कार किये जाने की घटना मंगलवार देर शाम की है और पीड़िता ने घटना की प्राथमिकी बुधवार को दर्ज करायी। घटना के समय महिला खेत से फसल की कटाई कर अपने घर वापस लौट रही थी, तभी बांदा जिले के मटौंध के रहने वाले बृजकिशोर (45) ने घर छोड़ने के बहाने उसे अपनी मोटरसाइकिल में बैठा लिया और एकांत जगह ले जाकर उससे बलात्कार किया।

सिंह ने बताया कि जब काफी देर तक महिला अपने घर नहीं पहुंची तो उसके परिजनों ने खेत में जाकर खोजबीन की और मौके से आरोपी को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया।

सिंह ने बताया कि आरोपी और पीड़िता के गांव अगल-बगल हैं, इसलिए दोनों एक दूसरे से परिचित थे। पीड़िता के पति की आठ साल पहले मौत हो चुकी है और वह अपनी दो बेटियों व एक बेटे के साथ अन्य परिजनों से अलग रह रही है।

एसएचओ ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे संबंधित अदालत में पेश किया जाएगा। पीड़िता की चिकित्सीय जांच करवाई गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\