देश की खबरें | पश्चिम बंगाल: मणिपुर में शहीद हुए बीएसएफ कांस्टेबल रंजीत जाधव का पार्थिव शरीर भाटपारा लाया गया

बैरकपुर, सात जून मणिपुर के काकचिंग जिले के सेरौ इलाके में संदिग्ध कुकी उग्रवादियों के हमले में शहीद हुए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के कांस्टेबल रंजीत जाधव का पार्थिव शरीर मंगलवार शाम पश्चिम बंगाल के उत्तरी 24 परगना स्थित उनके आवास भाटपारा लाया गया ।

इसके बाद, बैरकपुर के सांसद अर्जुन सिंह, भाटपारा नगर पालिका के सदस्य और स्थानीय लोग जाधव के आवास पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे।

जाधव के एक पड़ोसी ने कहा, "वह बहुत लोकप्रिय और बहादुर थे। वह परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी, आठ साल का बेटा, दो अविवाहित बहनें, भाई, मां और पिता हैं।"

सांसद सिंह ने कहा कि वह जाधव के परिवार की हर तरह की मदद करने के लिए तैयार हैं।

सेना ने मंगलवार को कहा था कि मणिपुर में संदिग्ध कुकी उग्रवादियों के हमले में जाधव की मौत हो गई जबकि असम राइफल्स के दो और जवान गोली लगने से घायल हो गए।

भारतीय सेना के दीमापुर स्थित स्पीयर कोर मुख्यालय ने ट्विटर पर जानकारी दी कि असम राइफल्स के दो घायल जवानों को हवाई मार्ग से मंत्रिपुखरी ले जाया गया है और तलाशी अभियान जारी है।

स्पीयर कोर ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘‘मणिपुर में सुगनू/सेरौ इलाकों में असम राइफल्स, बीएसएफ तथा पुलिस द्वारा चलाए गए व्यापक अभियान के दौरान पांच-छह जून की दरमियानी रात सुरक्षा बलों और विद्रोहियों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी हुई। सुरक्षा बलों ने गोलीबारी का समुचित जवाब दिया।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)