देश की खबरें | पश्चिम बंगाल बाल अधिकार संरक्षण आयोग की टीम कुंडू के घर पहुंची
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल बाल अधिकार संरक्षण आयोग की एक टीम यादवपुर विश्वविद्यालय के छात्रावास की बालकोनी से हाल में ही गिरकर मरे विद्यार्थी स्वप्नदीप कुंडू के घर रविवार को पहुंची।
कोलकाता, 13 अगस्त पश्चिम बंगाल बाल अधिकार संरक्षण आयोग की एक टीम यादवपुर विश्वविद्यालय के छात्रावास की बालकोनी से हाल में ही गिरकर मरे विद्यार्थी स्वप्नदीप कुंडू के घर रविवार को पहुंची।
आयोग की सलाहकार अनन्या चटर्जी के नेतृत्व में यह टीम नाडिया जिले के बागुला में कुंडू के घर गयी और उसके परिवार के सदस्यों से भेंट की।
चटर्जी ने दावा किया, ‘‘कुंडू की मौत उसके साथ किये गये शारीरिक उत्पीड़न का स्पष्ट मामला है, जिसके लिए हम इस अक्षम्य अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त सजा की सिफारिश करेंगे।’’
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने विद्यार्थी के परिवार के सदस्यों से बातचीत की। हमें बताया गया कि विद्यार्थी के साथ भयंकर मारपीट की गयी है तथा उसके शरीर पर जगह-जगह जलते सिगरेट से दागे जाने के निशान मिले हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह अक्षम्य एवं जघन्य अपराध है। हम इसे परिणति तक ले जायेंगे। इस मौत के पीछे जो लोग हैं, वे सभी बालिग हैं।’’
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कैंपस में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाये गये थे तथा विश्वविद्यालय प्रशासन अपनी इस गलती के लिए अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकता।
बुधवार की रात को करीब पौने 12 बजे मुख्य छात्रावास भवन में दूसरे तल की बालकोनी से कुंडू गिर गया था और तड़के इलाज के दौरान तीन बजकर 40 मिनट पर उसकी मृत्यु हो गयी थी। वह विश्वविद्यालय में बांग्ला स्नातक (प्रतिष्ठा) के प्रथम वर्ष का छात्र था।
पुलिस ने बताया कि कुंडू की रैगिंग में कथित संलिप्तता को लेकर रविवार को विश्वविद्यालय के दो विद्यार्थियों को गिरफ्तार किया गया।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस प्रकरण में अबतक तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)