देश की खबरें | प. बंगाल उपचुनाव : धूपगुड़ी विधानसभा सीट पर शुरुआती दो घंटे में 17 प्रतिशत से अधिक मतदान

जलपाईगुड़ी, पांच सितंबर पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले की धूपगुड़ी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मंगलवार को शुरुआती दो घंटे में 17 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया।

एक अधिकारी ने बताया कि विधानसभा सीट के 260 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और सुबह नौ बजे तक 17.25 प्रतिशत मतदान हुआ।

निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘मतदान अभी तक शांतिपूर्ण है। किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है।’’

सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गयी है और केंद्रीय अर्द्धसैन्य बलों के जवान वहां पहरा दे रहे हैं। मतदान शाम साढ़े छह बजे तक चलेगा।

मार्क्सवादी कम्युनिस्टी पार्टी (माकपा) के ईश्वर चंद्र रॉय कांग्रेस-वामदल गठबंधन के उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं, जबकि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने पेशे से शिक्षक निर्मल चंद्र रॉय को टिकट दिया है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कुछ साल पहले कश्मीर में आतंकवादियों से मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए सीआरपीएफ जवान की विधवा तापसी रॉय को अपना उम्मीदवार बनाया है।

साल की शुरुआत में धुपगुड़ी से भाजपा विधायक बिशु पदा रे के निधन के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था।

अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित धूपगुड़ी विधानसभा क्षेत्र में लगभग 50 प्रतिशत राजबंशी और 15 प्रतिशत अल्पसंख्यक आबादी रहती है।

भाजपा ने 2021 में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में टीएमसी से यह सीट छीन ली थी।

इस सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए मतगणना आठ सितंबर को होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)