देश की खबरें | हम बलपूर्वक यथास्थिति बदलने की एकतरफा कार्रवाई का विरोध करते हैं: दक्षिण चीन सागर पर भारत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत ने शुक्रवार को कहा कि वह दक्षिण चीन सागर में बलपूर्वक यथास्थिति को बदलने की एकतरफा कार्रवाई का विरोध करता है। भारत ने यह बयान क्षेत्र में फिलीपीन के समुद्री अभियानों के खिलाफ चीन के बढ़ते कदमों को लेकर उपजी चिताओं के बीच दिया है।

नयी दिल्ली, 28 जून भारत ने शुक्रवार को कहा कि वह दक्षिण चीन सागर में बलपूर्वक यथास्थिति को बदलने की एकतरफा कार्रवाई का विरोध करता है। भारत ने यह बयान क्षेत्र में फिलीपीन के समुद्री अभियानों के खिलाफ चीन के बढ़ते कदमों को लेकर उपजी चिताओं के बीच दिया है।

दक्षिण चीन सागर में कुछ दिन पहले चीन और फिलीपीन के समुद्री सुरक्षाकर्मियों के बीच हिंसक झड़प की घटना के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ‘‘हमने हमेशा अंतरराष्ट्रीय कानून के पालन, नियम-आधारित व्यवस्था के सम्मान और शांतिपूर्ण तरीके से विवादों के समाधान पर जोर दिया है।’’

उन्होंने कहा कि भारत का यह भी मानना ​​है कि ऐसी कोई घटना या रुख नहीं होना चाहिए जो क्षेत्र को अस्थिर करे।

जायसवाल ने भारत के रुख को भी रेखांकित किया कि विवादों को शांतिपूर्ण ढंग से हल किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘हम अस्थिर करने वाली या एकतरफा कार्रवाइयों का विरोध करते हैं जो बलपूर्वक या जबरदस्ती यथास्थिति को बदलने की कोशिश करती है। हम विवादों के शांतिपूर्ण समाधान की आवश्यकता को रेखांकित करते हैं।’’

हाइड्रोकार्बन के विशाल स्रोत दक्षिण चीन सागर पर संप्रभुता के चीन के व्यापक दावों को लेकर वैश्विक चिंताएं बढ़ रही हैं। वियतनाम, फिलीपीन और ब्रुनेई सहित क्षेत्र के कई देश भी इस पर अपना दावा करते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\