देश की खबरें | भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए हम विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के साथ हैं : एआईयूडीएफ

गुवाहाटी, 12 सितंबर ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के अध्यक्ष बदरुद्दीन अजमल ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के साथ है और यह सुनिश्चित करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा सत्ता में वापस न आए।

हालांकि, एआईयूडीएफ ने विपक्षी गठबंधन की ओर से पटना, बेंगलुरु और मुंबई में आयोजित की गई बैठक में से किसी में भी हिस्सा नहीं लिया था।

अजमल ने यहां नये असम विधानसभा भवन का दौरा करने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम इंडिया में हैं और इंडिया के साथ हैं। हम सभी लोकतांत्रिक दलों के गठबंधन का समर्थन करते हैं।’’

एआईयूडीएफ के एकमात्र सांसद ने दावा किया कि ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) लोकसभा चुनाव में जीतकर सत्ता में आएगा।

अजमल ने कहा, ‘‘मोदीजी सत्ता में वापस नहीं आने वाले। हम इसके लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।’’

उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी असम में कम से कम तीन लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)