‘बैगी ग्रीन’ को लेकर आस्ट्रेलियाई अंधभक्ति की आलोचना की वार्न ने

वार्न ने कहा कि उन्हें अपने देश की तरफ से खेलना पसंद है और यह मायने नहीं रखता कि उन्होंने बैगी ग्रीन पहनी है या कोई सामान्य टोप।

मेलबर्न, 11 मई अपने जमाने के दिग्गज स्पिनर शेन वार्न ने जंगलों में लगी आग के पीड़ितों के लिये धन जुटाने में मशहूर ‘बैगी ग्रीन कैप’ का सहारा लिया था लेकिन उन्हें आस्ट्रेलियाई टेस्ट कैप के प्रति अंधभक्ति अच्छी नहीं लगती।

वार्न ने कहा कि उन्हें अपने देश की तरफ से खेलना पसंद है और यह मायने नहीं रखता कि उन्होंने बैगी ग्रीन पहनी है या कोई सामान्य टोप।

उन्होंने मेलबर्न के एक रेडियो स्टेशन से कहा, ‘‘मेरा शुरू से मानना रहा है कि आपको यह साबित करने के लिये बैगी ग्रीन कैप पहनने की जरूरत नहीं है कि आप आस्ट्रेलिया की तरफ से खेलना कितना पसंद करते हो।’’

वार्न ने कहा, ‘‘मुझे आस्ट्रेलिया की तरफ से क्रिकेट खेलना पसंद है और इसके लिये मुझे इस कैप को पहनने की जरूरत नहीं है। मैंने केवल आस्ट्रेलिया की तरफ से क्रिकेट खेलने का आनंद लिया है। ’’

इस लेग स्पिनर ने हाल में जंगलों की लगी आग के पीड़ितों के लिये अपनी बैगी ग्रीन को नीलाम किया था।

वार्न ने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि अगर मैं सफेद सामान्य टोप पहनूं या अपनी बैग्री ग्रीन कैप दोनों का मतलब एक ही है कि मैं केवल आस्ट्रेलिया के लिये खेल रहा था। ’’

आस्ट्रेलियाई क्रिकेट के दिग्गजों ने अमेजॉन के एक वृत्तचित्र ‘द टेस्ट’ में बैगी ग्रीन कैप के महत्व को लेकर बात की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

Share Now