ताजा खबरें | झारखंड में चार लोकसभा सीट पर मतदान जारी
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. झारखंड में चार लोकसभा सीट पर चुनाव के लिए शनिवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है।
रांची, 25 मई झारखंड में चार लोकसभा सीट पर चुनाव के लिए शनिवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि गिरिडीह, धनबाद, रांची और जमशेदपुर निर्वाचन क्षेत्रों में सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ जो शाम पांच बजे तक जारी रहेगा।
राज्य में इस चरण में 93 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। रांची से कुल 27, धनबाद और जमशेदपुर से 25-25 और गिरिडीह से 16 उम्मीदवार मुकाबले में हैं।
इस चरण में 40.09 लाख महिला मतदाताओं सहित लगभग 82.16 लाख मतदाता इन निर्वाचन क्षेत्रों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि सभी 8,963 मतदान केंद्रों पर करीबी नजर रखी जा रही है। इस चरण में करीब 36,000 चुनाव कर्मियों को तैनात किया गया है।
रांची लोकसभा सीट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय की बेटी और कांग्रेस नेता यशस्विनी सहाय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मौजूदा सांसद संजय सेठ के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं।
धनबाद में भाजपा के बाघमारा से विधायक दुलु महतो और कांग्रेस के बेरमो से विधायक कुमार जयमंगल की पत्नी अनुपमा सिंह के बीच सीधा मुकाबला है।
जमशेदपुर में भाजपा के मौजूदा सांसद विद्युत बरन महतो और झामुमो के बहरागोरा से विधायक समीर मोहंती के बीच भी सीधी लड़ाई है।
गिरिडीह में ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन (एजेएसयू) पार्टी के चंद्र प्रकाश चौधरी का मुकाबला झामुमो के टुंडी से विधायक मथुरा महतो से है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)