देश की खबरें | विजय रूपाणी ने लॉकडाउन से किया इनकार, कर्फ्यू केवल अहमदाबाद शहर में
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ऐसे में जब कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी के बाद अहमदाबाद शहर में 57 घंटे के कर्फ्यू की तैयारी है, गुजरात सरकार ने शुक्रवार को कोरोना वायरस के प्रसार पर रोक के लिए राज्य में ताजा लॉकडाउन से इनकार किया।
अहमदाबाद, 20 नवम्बर ऐसे में जब कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी के बाद अहमदाबाद शहर में 57 घंटे के कर्फ्यू की तैयारी है, गुजरात सरकार ने शुक्रवार को कोरोना वायरस के प्रसार पर रोक के लिए राज्य में ताजा लॉकडाउन से इनकार किया।
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने कहा कि उनकी सरकार राज्यव्यापी लॉकडाउन पर विचार नहीं कर रही है।
रूपाणी ने कहा कि राज्य के वाणिज्यिक केंद्र अहमदाबाद में कोरोना वायरस मामलों में अचानक वृद्धि के बाद‘‘सप्ताहांत का कर्फ्यू’’ केवल अहमदाबाद शहर में ‘‘एहतियाती उपाय के रूप में’’ शुक्रवार रात से लगाया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘फिलहाल गुजरात में लॉकडाउन लगाने का कोई सवाल ही नहीं है। हमने शनिवार और रविवार को अहमदाबाद शहर में एक सप्ताहांत कर्फ्यू लागू करने का फैसला किया है।’’
यह भी पढ़े | COVID-19: अहमदाबाद में आज रात 9 बजे से 57 घंटे का कर्फ्यू, खरीद के लिए बाजारों में उमड़ी भीड़.
रूपाणी ने बनासकांठा जिले के अंबाजी में संवाददाताओं से कहा कि इसके अलावा, पुलिस को उन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है जो फेस मास्क के बिना घूमते और सामाजिक दूरी बनाये रखने के नियमों का उल्लंघन करते पाये जाएंगे।
अहमदाबाद शहर में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि के बाद इसके प्रसार को रोकने के लिए प्राधिकारियों ने बृहस्पतिवार को नगरपालिका सीमा में शुक्रवार रात से 57 घंटे का कर्फ्यू लगाने की घोषणा की थी।
अहमदाबाद शहर में कर्फ्यू शुक्रवार रात नौ बजे (20 नवंबर) से शुरू होगा और सोमवार (23 नवंबर) को सुबह छह बजे समाप्त होगा।
अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) ने शुक्रवार को कहा कि उसके द्वारा संचालित 600 सिटी बसें कर्फ्यू की अवधि के दौरान नहीं चलेंगी।
एएमसी ने घोषणा की थी कि इस ‘‘पूर्ण कर्फ्यू’’ के दौरान, केवल दूध और दवा की दुकानें खुली रहेंगी।
एएमसी की विज्ञप्ति के अनुसार, सोमवार से शहर में रात नौ बजे से सुबह 6 बजे तक रोजाना रात का कर्फ्यू अगले आदेश तक लागू होगा।
अहमदाबाद शहर में इस महीने की शुरुआत से कोरोना वायरस के मामलों में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)