देश की खबरें | किसी भी अपराध का वीडियो लीक ना हो: पुलिस आयुक्त
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने सभी उपायुक्तों (डीसीपी) और इकाई प्रमुखों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि किसी भी आपराधिक घटना का कोई भी सीसीटीवी फुटेज आनलाइन साझा न किया जाए। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।
नयी दिल्ली, 20 फरवरी दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने सभी उपायुक्तों (डीसीपी) और इकाई प्रमुखों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि किसी भी आपराधिक घटना का कोई भी सीसीटीवी फुटेज आनलाइन साझा न किया जाए। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।
यह आदेश नजफगढ़ में एक सैलून के अंदर गोलीबारी की घटना का एक वीडियो ऑनलाइन सामने आने के बाद आया है। इस महीने की शुरुआत में हुई गोलीबारी में दो व्यक्तियों की मौत हो गई थी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "हमें यह आदेश मिला है और इसे सभी को प्रेषित कर दिया गया है। हमने आदेशों का सख्ती से पालन करने को कहा है।"
घटना के सीसीटीवी फुटेज में पीड़ितों में से एक हमलावरों से विनती करते हुए दिखाया गया है। बाद में हमलावर उसके सिर में नजदीक से गोली मार देते हैं।
अधिकारी ने कहा, ‘‘सीसीटीवी फुटेज के आनलाइन सामने आने और हजारों लोगों द्वारा साझा किए जाने से जांच में दिक्कत आ सकती है। वे सीसीटीवी फुटेज पुलिस के उपयोग के लिए हैं।’’
आदेश के मुताबिक उल्लंघन की स्थिति में वरिष्ठ अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
अरोड़ा ने हाल के दिनों के ऐसे कई उदाहरणों का हवाला देते हुए 10 फरवरी के अपने आदेश में कहा कि इस तरह की चूक पीड़ितों की गोपनीयता और संवेदनशीलता पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है और कभी-कभी पहचान परेड के दौरान आरोपी के पक्ष में चली जाती है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)