देश की खबरें | वयोवृद्ध कांग्रेस नेता और केरल विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष वक्कोम पुरूषोतमन नहीं रहे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के वयोवृद्ध नेता और केरल विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष वक्कोम पुरूषोतमन का सोमवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया।

तिरुवनंतपुरम, 31 जुलाई कांग्रेस के वयोवृद्ध नेता और केरल विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष वक्कोम पुरूषोतमन का सोमवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया।

पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी। वह 96 साल के थे।

पार्टी के एक नेता ने बताया कि स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर आज सुबह पुरूषोतमन को केआईएमएस अस्पताल ले जाया गया था। पुरूषोतमन मिजोरम के राज्यपाल रहने के अलावा अंडमान निकोबार के उपराज्यपाल भी रहे थे।

केरल विधानसभा के अध्यक्ष ए एन शम्सीर , मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के निधन पर शोक प्रकट किया है।

शम्सीर ने कहा कि दिवंगत कांग्रेस नेता उनके बाद बने विधानसभा अध्यक्षों के लिए मार्गदर्शक थे।

विजयन ने एक बयान में कहा कि पुरूषोतमन ने राज्यपाल, विधानसभा अध्यक्ष , सांसद तथा विभिन्न विभागों के मंत्री के रूप में अपनी एक छाप छोड़ी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुरूषोतमन विवाद की स्थिति में भी अपने रुख एवं फैसलों पर सदैव कायम रहते थे।

सतीशन ने फेसबुक पोस्ट में पुरूषोतमन को एक मजबूत एवं प्रभावशाली नेता एवं विधायक के रूप में याद किया जो नेताओं के लिए आदर्श थे और जो किसी दबाव के सामने कभी नहीं झुके।

उन्होंने कहा कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष का निधन उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है।

पुरूषोतमन 1971-1977, 1980 से 1981 तक 2004 से 2006 तक केरल सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे थे। वह 1982-1984 और 2001-2004 के दौरान विधानसभा अध्यक्ष रहे।

केरल विधानसभा की वेबसाइट के अनुसार पुरूषोतमन ने 1946 में छात्र कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\