देश की खबरें | भारत, फ्रांस का संयुक्त नौसैनिक अभ्यास ‘वरुण’ शुरू
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत और फ्रांस के द्विपक्षीय नौसैनिक अभ्यास का 21वां संस्करण सोमवार को पश्चिमी समुद्री तट पर शुरू हुआ। भारतीय नौसेना ने एक बयान जारी कर यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 16 जनवरी भारत और फ्रांस के द्विपक्षीय नौसैनिक अभ्यास का 21वां संस्करण सोमवार को पश्चिमी समुद्री तट पर शुरू हुआ। भारतीय नौसेना ने एक बयान जारी कर यह जानकारी दी।
भारत और फ्रांस ने 1993 में संयुक्त नौसैनिक अभ्यास आरंभ किया था। 2001 में इस अभ्यास को ‘वरुण’ नाम दिया गया था। यह अभ्यास ‘भारत-फ्रांस के बीच द्विपक्षीय रणनीतिक संबंधों की पहचान’ बन गया है।
नौसेना की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, इस साल के अभ्यास में स्वदेशी निर्देशित मिसाइल विध्वंसक पोत आईएनएस चेन्नई, निर्देशित मिसाइल पोत आईएनएस तेग, समुद्री गश्ती विमान पी-8आई और डोर्नियर, हेलीकॉप्टर और मिग29के लड़ाकू विमान शामिल होंगे।
बयान में कहा गया है कि अभ्यास में विमानवाहक पोत चार्ल्स डी गॉल, युद्ध पोत एफएस फोरबिन और प्रोवेंस, सहायक पोत एफएस मार्ने और समुद्री गश्ती विमान अटलांटिक फ्रांसीसी नौसेना का प्रतिनिधित्व करेंगे।
बयान के अनुसार, यह अभ्यास 16 जनवरी से 20 जनवरी तक पांच दिन चलेगा और इसमें उन्नत वायु रक्षा अभ्यास, सामरिक युद्धाभ्यास, सतह पर गोलीबारी और अन्य समुद्री गतिविधियों का अभ्यास शामिल होगा।
भारतीय नौसेना ने कहा, “दोनों नौसेनाएं समुद्री थिएटर में अपना युद्ध कौशल बढ़ाने का प्रयास करेंगी, समुद्री क्षेत्र में बहुआयामी अभियानों के संचालन की अपनी क्षमता बढ़ाएंगी और क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए एक एकीकृत बल के रूप में अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगी।”
नौसेना ने कहा, “पिछले कुछ वर्षों में इस अभ्यास का दायरा बढ़ा है, जिस कारण यह दोनों देशों की नौसेनाओं को एक-दूसरे की सर्वोत्तम प्रथाओं से सीखने का अवसर प्रदान करता है।”
नौसेना के मुताबिक, “यह अभ्यास समुद्र में अच्छी व्यवस्था के लिए आपसी सहयोग को बढ़ावा देने के वास्ते दोनों नौसेनाओं के बीच परिचालन स्तर की बातचीत की सुविधा प्रदान करता है। साथ ही वैश्विक समुद्री क्षेत्र में शांति, स्थिरता, सुरक्षा और स्वतंत्रता को लेकर दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)