देश की खबरें | वडोदरा आईओसीएल रिफाइनरी अग्निकांड : मृतकों की संख्या बढ़कर दो हुई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात के वडोदरा में ‘इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसीएल)’ की रिफाइनरी में आग लगने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई है, जबकि एक अन्य घायल व्यक्ति का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

वडोदरा, 12 नवंबर गुजरात के वडोदरा में ‘इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसीएल)’ की रिफाइनरी में आग लगने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई है, जबकि एक अन्य घायल व्यक्ति का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

जवाहर नगर थाने के निरीक्षक ए. बी. मोरी ने बताया कि सोमवार को दोपहर में रिफाइनरी के बेंजीन भंडारण टैंक में विस्फोट होने के बाद आग लग गई जो जल्द ही आसपास के दो अन्य टैंकों तक फैल गई।

उन्होंने बताया कि मंगलवार तड़के तक प्रयास किए जाने के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

मोरी ने बताया कि इस घटना में धीमंत मकवाना और शैलेश मकवाना नामक दो लोगों की मौत हो गई। आईओसीएल के एक अधिकारी घायल हो गए हैं और उनका निजी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि घायल व्यक्ति की हालत स्थिर है।

अधिकारियों ने बताया कि आसपास के शहरों और कस्बों से कई दमकल वाहनों को बुलाकर व्यापक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया।

पहले एक अधिकारी ने बताया था कि वडोदरा के बाहरी इलाके कोयली क्षेत्र में स्थित आईओसीएल रिफाइनरी में विस्फोट हुआ, जिससे आग लग गई।

आईओसीएल ने सोमवार की शाम एक बयान में कहा कि ‘‘गुजरात रिफाइनरी में बेंजीन भंडारण टैंक (1000 केएल क्षमता) में अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे आग लगने की सूचना मिली।’’

उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए निकटवर्ती जल छिड़काव प्रणाली को सक्रिय किया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘आग किस कारण लगी, यह अभी पता नहीं लग पाया है।’’

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) डी. जे. चावड़ा ने सोमवार देर रात पत्रकारों को बताया कि आग आसपास के भंडारण टैंकों तक फैल गई है।

तस्वीरों में रिफाइनरी से धुआं उठता दिखाई दे रहा है और कई कर्मचारी आईओसीएल परिसर से बाहर निकलते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।

आग लगने के बाद मानक संचालन प्रक्रिया के तहत आईओसीएल परिसर में द्रव परिसंचरण को रोक दिया गया। वडोदरा के पुलिस आयुक्त नरसिम्हा कोमार ने कहा कि आग को फैलने से रोकने के लिए अन्य भंडारण टैंकों को ठंडा किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पाली में कार्यरत सभी कर्मचारियों को रिफाइनरी से बाहर निकाल दिया गया तथा अगली पाली के लिए रिफाइनरी पहुंचने वाले लोगों को सुरक्षा कारणों से वापस भेज दिया गया है।

घटना के बाद पुलिस, जिला प्रशासन के अधिकारी और आईओसीएल के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\