देश की खबरें | उत्तरकाशी: हिमस्खलन स्थल के पास भारी बर्फबारी से लापता पर्वतारोहियों की तलाश बाधित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तरकाशी में द्रौपदी का डांडा चोटी के पास मंगलवार को हुए हिमस्खलन के दौरान लापता तीन पर्वतारोहियों की तलाश के प्रयास भारी बर्फबारी के चलते बाधित हुए हैं, जबकि शनिवार को सात और शव मृतकों के परिजनों को सौंप दिये गये।
उत्तरकाशी, आठ अक्टूबर उत्तरकाशी में द्रौपदी का डांडा चोटी के पास मंगलवार को हुए हिमस्खलन के दौरान लापता तीन पर्वतारोहियों की तलाश के प्रयास भारी बर्फबारी के चलते बाधित हुए हैं, जबकि शनिवार को सात और शव मृतकों के परिजनों को सौंप दिये गये।
नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम) के मुताबिक, संस्थान के 29 पर्वतारोही चढ़ाई के बाद लौटते समय चार सितम्बर को 17 हजार फुट की ऊंचाई पर द्रौपदी का डांडा-द्वितीय चोटी पर हिमस्खलन की चपेट में आ गए थे।
एनआईएम के अनुसार, अब तक 26 पर्वतारोहियों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि तीन अब भी लापता हैं। संस्थान ने बताया कि चार पर्वतारोहियों के शव शुक्रवार को आधार शिविर से नीचे लाये गये, जबकि सात शव आज लाये गए। संस्थान ने बताया कि बाकी पर्वतारोहियों के शव नीचे लाने के प्रयास जारी हैं।
एनआईएम ने कहा कि चार शव उत्तरकाशी में उनके परिजनों को सौंप दिये गये हैं।
असम, मेघालय और उत्तर प्रदेश के तीन प्रशिक्षुओं के शवों को हिमालयन अस्पताल, जॉली ग्रांट भेजा गया, जहां से उन्हें उनके गंतव्य तक ले जाया जाएगा।
अधिकारियों के मुताबिक, खराब मौसम के चलते तलाश अभियान बाधित होने से देश के अलग-अलग हिस्सों से उत्तरकाशी पहुंचे पर्वतारोहियों के परिजन दुखी और परेशान हैं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने कहा कि मौसम में सुधार के बाद ही हवाई मार्ग से बचाव अभियान को बहाल किया जा सकेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)