देश की खबरें | उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने यूसीसी लागू करने के लिए समिति से नियमावली को जल्द अंतिम रूप देने को कहा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को विशेषज्ञ समिति से प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने के लिए प्रक्रियाओं एवं नियमों को समयबद्धता के साथ अंतिम रूप देने को कहा।
देहरादून, 22 जुलाई उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को विशेषज्ञ समिति से प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने के लिए प्रक्रियाओं एवं नियमों को समयबद्धता के साथ अंतिम रूप देने को कहा।
यूसीसी को लागू करने की तैयारियों की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके प्रावधानों को व्यवस्थित रूप से क्रियान्वित करने के लिए गठित उप समिति के कार्यों एवं विभिन्न विभागों के स्तर पर की जाने वाली कार्यवाही को भी शीघ्र अंतिम रूप दिया जाए।
उन्होंने इस संबंध में विभिन्न स्तरों पर होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूसीसी को विधिवत लागू किये जाने से पूर्व सभी पहलुओं का गहनता एवं सजगता से अध्ययन किया जाए तथा उसके बारे में व्यापक स्तर पर जन जागरुकता भी लाई जाए।
उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
यूसीसी के प्रावधानों को लागू करने के लिए गठित समिति के अध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह ने बैठक में जानकारी दी कि इसके लिए तीन उप समितियों का गठन किया गया।
उन्होंने बताया कि नियमों की रूपरेखा तैयार करने के लिए गठित उप समिति की अब तक 43 बैठकें हो चुकी हैं जो आगामी 31 अगस्त तक अपनी रिपोर्ट दे देगी।
नियमों के क्रियान्वयन में सुगमता और पारदर्शिता के लिए गठित उप समिति की 20 बैठकें हो चुकी हैं और वह भी 31 अगस्त तक अपनी रिपोर्ट देगी। इसके अलावा, क्षमता विकास और प्रशिक्षण के लिए बनाई गई उप समिति 30 सितंबर तक अपनी रिपोर्ट देगी।
बैठक में यह भी बताया गया कि यूसीसी से संबंधित प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस दौरान प्रदेश की मुख्य सचिव राधा रतूड़ी और पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार भी मौजूद रहे।
राज्य सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड में इस साल अक्टूबर तक यूसीसी लागू कर दिया जाए। मुख्यमंत्री पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि इस वर्ष नौ नवंबर को राज्य के स्थापना दिवस से पहले यूसीसी लागू कर दिया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 22, 2024 10:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

