देश की खबरें | उत्तर प्रदेश के भाजपा विधायक ने अपनी ही पार्टी के सांसद पर लगाये गंभीर आरोप

विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि बलिया जिले के रेवती क्षेत्र में पुलिस के संरक्षण में अवैध तौर पर शराब बनाने का कार्य चल रहा है।

भाजपा के बैरिया क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र सिंह ने बुधवार को संवाददाताओं से बात करते हुए भाजपा सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त पर गंभीर आरोप लगाते हुये उनके परिवार को ‘‘भूमाफिया’’ करार दिया।

उन्होंने अपने आरोप के समर्थन में विजय बहादुर सिंह और रामबाबू यादव को मीडिया के समक्ष पेश किया। विजय बहादुर सिंह ने मीडिया के समक्ष एक अभिलेख प्रस्तुत करते हुए आरोप लगाया कि रामबाबू के शिवपुर ग्राम में उनकी 10 एकड़ जमीन को भाजपा सांसद मस्त ने जालसाजी से अपने भाई, भतीजे व पुत्र के नाम करा लिया है। रामबाबू यादव ने दावा किया कि सोनबरसा ग्राम के समीप उनकी दस बीघा जमीन भाजपा सांसद ने हड़पने का प्रयास किया है।

वहीं, भाजपा सांसद के निजी सचिव अमन सिंह ने कहा कि विधायक ने बेबुनियाद आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद सम्बन्धी मामला अदालत में विचाराधीन है।

भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में पुलिस के संरक्षण में अवैध शराब का कारोबार चलता है। उन्होंने दावा किया कि बलिया जिले के रेवती थाना क्षेत्र में सौ से अधिक शराब की भट्ठी व दुकान संचालित हो रही है और रेवती थाना के पीछे सौ मीटर की दूरी पर शराब का अवैध निर्माण होता है।

उन्होंने बताया कि वह इस मामले की शिकायत पुलिस विभाग के शीर्ष अधिकारियों से कर चुके हैं।

पुलिस अधीक्षक विपिन ताडा ने कहा कि भाजपा विधायक के आरोपों की जांच की जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)