देश की खबरें | उप्र विधानसभा परिसर में गुटखा और पान मसाले के उपयोग पर प्रतिबंध लगा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बुधवार को विधानसभा परिसर में गुटखा और पान मसाला पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की।
लखनऊ, पांच मार्च उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बुधवार को विधानसभा परिसर में गुटखा और पान मसाला पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की।
इससे एक दिन पहले महाना ने विधानसभा परिसर में कार्यवाही के दौरान एक सदस्य द्वारा पान मसाला थूके जाने की घटना पर अपनी नाराजगी व्यक्त की थी।
विधानसभा अध्यक्ष ने कथित तौर पर कर्मचारियों से गंदगी साफ करने को कहा था। हालांकि महाना ने विधायक का नाम नहीं बताया, लेकिन कहा कि उन्हें पता है कि ऐसा करने वाला कौन है।
महाना ने सभी सदस्यों को जनता द्वारा चुने गए विधायकों के रूप में स्वच्छता के प्रति उनकी जिम्मेदारी की याद दिलाई।
बुधवार को प्रश्नकाल के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने घोषणा की, ‘‘तत्काल प्रभाव से विधानसभा परिसर के अंदर पान मसाला और गुटखा के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया जाता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘विधानसभा परिसर में गुटखा या पान मसाला खाते हुए पाए जाने वाले कर्मचारियों, अधिकारियों या किसी अन्य व्यक्ति पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।’’
विधानसभा में मौजूद कुछ सदस्यों ने सुझाव दिया कि महंगाई के कारण जुर्माने की राशि बढ़ाई जानी चाहिए।
इस पर महाना ने चुटकी लेते हुए कहा, ‘‘उन माननीय सदस्यों के नाम नोट कर लीजिए जो अधिक जुर्माना मांग रहे हैं। अगर वे थूकते हुए पकड़े गए तो हम उनसे अतिरिक्त जुर्माना वसूलेंगे।’’
उनकी इस टिप्पणी पर विधानसभा में ठहाके गूंज उठे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)