सेना ने बताया कि यह अमेरिका द्वारा जुलाई माह में कोरियाई प्रायद्वीप में भेजी गई दूसरी प्रमुख पनडुब्बी है।
सेना के मुताबिक, यूएसएस एन्नापोलिस पनडुब्बी, यूएसएस केंटुकी पनडुब्बी के बुसान के मुख्य भूमि बंदरगाह पर पहुंचने के लगभग एक हफ्ते बाद, जेजु द्वीप में दाखिल हुई। यूएसएस केंटुकी 1980 के दशक के बाद दक्षिण कोरिया में तैनात की जाने वाली परमाणु हथियारों से लैस पहली पनडुब्बी थी।
उत्तर कोरिया ने इस तैनाती के जवाब में बैलेस्टिक और क्रूज मिसाइल दागी थीं। इन मिसाइल प्रक्षेपणों के जरिये उसने कथित तौर पर यह दिखाने की कोशिश की थी कि वह दक्षिण कोरिया और क्षेत्र में तैनात अमेरिकी पनडुब्बी को निशाना बनाने की क्षमता रखता है।
यूएसएस एन्नापोलिस का मुख्य लक्ष्य दुश्मन देशों के जहाजों और पनडुब्बियों को नष्ट करना है। यह पनडुब्बी परमाणु ऊर्जा संयंत्र से संचालित होती है, लेकिन इस पर पारंपरिक हथियार तैनात किए गए हैं।
दक्षिण कोरियाई नौसेना के प्रवक्ता जांग डो यंग ने बताया कि यूएसएस एन्नापोलिस पनडुब्बी मुख्यत: आपूर्ति की ढुलाई के लिए जेजु पहुंची है, लेकिन अमेरिका और दक्षिण कोरिया की सेनाएं इस बात पर भी विचार कर रही हैं कि पनडुब्बी के संचालन को लेकर प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाए या नहीं।
दूसरी ओर, उत्तर कोरिया ने इस महीने की शुरुआत में दक्षिण कोरिया से सीमा पार कर देश में घुसने वाले अमेरिकी सैनिक ट्रैविस किंग (23) पर सोमवार को भी चुप्पी बनाए रखी।
किंग ने पिछले साल अक्टूबर में सियोल में एक अज्ञात व्यक्ति पर हमला करने और एक पुलिस वाहन को नुकसान पहुंचाने के मामले में दक्षिण कोरियाई जेल में लगभग दो महीने की सजा काटी थी। किंग को 10 जुलाई को रिहा कर दिया गया था और उसे सोमवार को टेक्सास के फोर्ट ब्लिस में अपने घर जाना था, जहां उसे अतिरिक्त सैन्य कार्रवाई और सेवा से बर्खास्तगी का सामना करना पड़ सकता था।
हालांकि, किंग टेक्सास जाने के बजाय पर्यटकों के एक समूह के साथ मंगलवार सुबह दक्षिण और उत्तर कोरिया को विभाजित करने वाले असैन्यीकृत क्षेत्र की यात्रा पर निकला तथा उत्तर कोरिया की सीमा में घुस गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY