देश की खबरें | उप्र पुलिस मुख्तार अंसारी को लेकर बांदा जेल पहुंची

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. करीब दो साल पंजाब की जेल में बिताने के बाद बहुजन समाज पार्टी के विधायक और गैंगस्टर मुख्तार अंसारी को उत्तर प्रदेश पुलिस ने बुधवार तड़के कड़ी सुरक्षा के बीच बुंदेलखंड की बांदा जेल में स्थानांतरित किया।

बांदा (उप्र), सात अप्रैल करीब दो साल पंजाब की जेल में बिताने के बाद बहुजन समाज पार्टी के विधायक और गैंगस्टर मुख्तार अंसारी को उत्तर प्रदेश पुलिस ने बुधवार तड़के कड़ी सुरक्षा के बीच बुंदेलखंड की बांदा जेल में स्थानांतरित किया।

इस बीच, लखनऊ में एमपी एमएलए (सांसद-विधायक) की विशेष अदालत ने 12 अप्रैल को अभियुक्त मुख्तार अंसारी को साल 2000 में कारापाल और उप कारापाल पर हमला करने, जेल में पथराव तथा जानमाल की धमकी देने के मामले में आरोप तय करने के लिए व्यक्तिगत रूप से तलब किया है।

पंजाब के रूपनगर, रोपड़ जेल से अंसारी को लेकर आ रहे सुरक्षाकर्मियों ने 900 किलोमीटर लंबी यात्रा पूरी की। उच्चतम न्यायालय के एक आदेश पर कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस ने मंगलवार को 57 वर्षीय अंसारी को रूपनगर जेल से वापस बांदा जेल में लाने के लिए अपनी हिरासत में ले लिया था। चिकित्सकीय जांच के बाद अंसारी को उत्तर प्रदेश पुलिस को सौंपने के लिए औपचारिकताएं पूरी करने में कुछ घंटे लगे।

उत्तर प्रदेश पुलिस ने एंबुलेंस, दंगा रोधी वाहन और भारी सुरक्षा बल के साथ अंसारी को लेकर रोपड़ जेल से बांदा लाने तक करीब 14 घंटे का सफर पूरा किया। बांदा जेल परिसर छावनी में तब्दील हो गया था और पुलिस चारों ओर चौकसी बरत रही थी। अंसारी को लेकर पुलिस अधिकारियों के वाहन ने तड़के साढ़े चार बजे बांदा जेल में प्रवेश किया।

पंजाब से अंसारी को पूरी चौकसी और भारी सुरक्षा के बीच पुलिस की टीम मंगलवार दोपहर करीब दो बजे रोपड़ जेल से लेकर रवाना हुई और उसने शाम करीब छह बजे उत्‍तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश किया। प्रयागराज जोन के अपर पुलिस महानिदेशक प्रेम प्रकाश ने बताया कि अंसारी को ला रही पुलिस टीम ने करीब छह बजे उत्‍तर प्रदेश के बागपत में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे के जरिये प्रवेश किया।

मऊ जिले की सदर विधानसभा सीट से पांच बार के विधायक अंसारी बांदा जिला जेल की बैरक नंबर 15 में रहेंगे, जहां वह पंजाब की जेल में स्थानांतरित होने से पहले बंद थे। जेल अधिकारियों के अनुरोध पर बांदा जेल में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और बैरक‍ के अंदर चौबीसों घंटे सुरक्षाकर्मियों का पहरा रहेगा।

पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि अंसारी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर के होटलों और मकानों के किरायेदारों की भी छानबीन की जा रही है।

बांदा के प्रभारी जेलर प्रमोद तिवारी ने कहा, “मुख्तार अंसारी की जेल में वापसी को लेकर सुरक्षा के इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। जेल के बाहर और भीतर सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए हैं। जेल की बैरक संख्या-15 में रोशनी, पेयजल व्यवस्था और साफ सफाई पहले की दुरुस्त की जा चुकी है।”

उन्होंने बताया कि बैरक संख्या-15 में अन्य कैदियों की आवाजाही पर रोक लगा दी गयी है और बैरक के अंदर भी तीन सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे।

तिवारी ने बताया कि अब तक खुला रहने वाला जेल परिसर का मुख्य द्वार बंद कर दिया गया है और तलाशी के बाद सिर्फ ड्यूटी पर आने वाले जेलकर्मियों को ही प्रवेश की अनुमति है।

वहीं, बांदा के राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मुकेश कुमार यादव ने बताया कि अंसारी के स्वास्थ्य को लेकर उच्चतम न्यायालय का आदेश उन्हें मिला है, जिसके बाद चार चिकित्सकों की एक समिति गठित की गई है।

गौरतलब है कि अत्याधुनिक हथियारों से लैस बांदा पुलिस का एक दल पंजाब की रोपड़ जिला जेल में बंद मुख्तार अंसारी को लेने के लिए सोमवार सुबह रवाना हुआ था। इस दल में पीएसी की एक टुकड़ी के अलावा करीब 80 पुलिस जवान और अधिकारी शामिल रहे। इस दल का नेतृत्व प्रयागराज के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) प्रेमप्रकाश और चित्रकूटधाम रेंज बांदा के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) के. सत्यनारायण कर रहे थे।

पंजाब के अपर पुलिस महानिदेशक (जेल) प्रवीण कुमार सिन्‍हा ने चंडीगढ़ में 'पीटीआई-' को बताया कि अंसारी की हिरासत उत्तर प्रदेश पुलिस को सौंप दी गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

CSK vs SRH, IPL 2026 63rd Match Live Score Update: एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपरकिंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जा रहा हैं रोमांचक मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

देशव्यापी केमिस्ट हड़ताल: 20 मई को बंद रहेंगी देश की 8 लाख दवा दुकानें, जानें क्या है वजह और क्या मिलेंगी इमरजेंसी सेवाएं

Karnataka Shocker: दुबारे कैंप में प्रशिक्षित हाथियों की लड़ाई के दौरान मलबे की तरह गिरी हथनी, तमिलनाडु की महिला पर्यटक की कुचलकर मौत (Watch Video)

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपरकिंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद के बीच रोमांचक मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट