गोरखपुर (उप्र), 21 मार्च गोरखपुर जिले में पुलिस हिरासत के दौरान एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिसकर्मियों समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिवार के सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन किया।
पुलिस ने बताया कि गोला पुलिस थाना क्षेत्र के बारा बुजुर्ग गांव के विनय कुमार पांडे उर्फ दीपक के खिलाफ गांव की ही एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद बुधवार शाम उसे हिरासत में ले लिया गया।
उसने बताया कि थाने में अचानक तबीयत खराब होने के बाद पांडे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
मौत की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बुधवार देर रात तक विरोध प्रदर्शन किया और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने बताया कि शिकायत के आधार पर गोला पुलिस थाने के थानेदार, चीनी मिल पुलिस चौकी प्रभारी और घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद सभी पुलिसकर्मियों सहित सात लोगों के खिलाफ नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम में मौत का कोई विशेष कारण सामने नहीं आया और पांडे के शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं।
उन्होंने बताया कि जांच के लिए विसरा के नमूने सुरक्षित रखे गए हैं।
मृतक के बड़े भाई चंद्र प्रकाश पांडे ने दावा किया है कि उनके भाई के खिलाफ रंजिशन मामला दर्ज कराया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY