देश की खबरें | उप्र : मुख्यमंत्री योगी ने प्रयागराज और विन्ध्याचल मंडल के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को यहां सर्किट हाउस में एक उच्च स्तरीय बैठक में प्रयागराज और विन्ध्याचल मंडल के सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ प्रस्ताव एवं कार्य योजना की समीक्षा की।

प्रयागराज, 29 जुलाई उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को यहां सर्किट हाउस में एक उच्च स्तरीय बैठक में प्रयागराज और विन्ध्याचल मंडल के सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ प्रस्ताव एवं कार्य योजना की समीक्षा की।

राज्य सरकार द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, इस बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों से उनके निर्वाचन क्षेत्रों की परिस्थितियों, जन अपेक्षाओं और विकास प्राथमिकताओं के विषय में व्यक्तिगत रूप से संवाद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज और विन्ध्याचल क्षेत्र के विकास को सरकार प्राथमिकता दे रही है। यह दोनों ही मंडल उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान के केन्द्र हैं। इन क्षेत्रों का पुनरुत्थान और समेकित विकास प्रदेश के विकास को गति प्रदान करेगा।

बैठक में योगी आदित्यनाथ ने जनप्रतिनिधियों द्वारा लोक निर्माण विभाग को उपलब्ध कराए गए प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए इन प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर शासन को उपलब्ध कराने के लिए कहा और लोक निर्माण विभाग तथा धर्मार्थ कार्य विभाग को इन प्रस्तावित कार्यों को प्राथमिकता पर लेते हुए कार्यों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।

योगी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के अनुभव और स्थानीय आवश्यकताओं की समझ शासन के लिए मार्गदर्शक होती है।

उन्होंने कहा कि योजनाओं का समयबद्ध जमीनी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो, इसके लिए जवाबदेही तय की जाएगी और तकनीक का समुचित उपयोग किया जाएगा तथा कार्यों की गुणवत्ता पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधिगण अपने-अपने क्षेत्र में प्रस्तावित कार्यों की सतत निगरानी करें और स्थानीय जनभावनाओं के अनुरूप योजनाओं को आकार दिलवाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

उन्होंने पर्यटन से संबंधित प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रयागराज में पर्यटन से जुड़े कई कार्य हुए हैं। प्रयागराज के साथ ही अन्य क्षेत्रों में मुख्यमंत्री पर्यटन संवर्धन योजना के अंतर्गत जिस प्रकार पहले कार्य हुए थे, उसी तर्ज पर जनप्रतिनिधियों द्वारा पर्यटन से संबंधित प्रस्तावों को गुणवत्ता के साथ जमीन पर उतारा जाए जिससे पर्यटन केंद्रों पर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

इस बैठक में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, राज्य मंत्री संजीव गोंड, महापौर प्रयागराज उमेश चंद्र गणेश केसरवानी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रयागराज डॉक्टर वी के सिंह और विन्ध्याचल मंडल के सांसदगण, विधायकगण, विधान परिषद् के सदस्यगण सहित अन्य जनप्रतिनिधि व वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद रहे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\