देश की खबरें | उदयनिधि का बयान: भाजपा ने विपक्ष को बताया हिंदू विरोधी, कांग्रेस ने सर्वधर्म समभाव की बात कही
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नेता उदयनिधि स्टालिन के सनातन धर्म के संदर्भ में दिए बयान को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विपक्ष पर अपना हमला करते हुए कहा कि ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) हिंदू विरोधी है।
नयी दिल्ली, चार सितंबर द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नेता उदयनिधि स्टालिन के सनातन धर्म के संदर्भ में दिए बयान को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विपक्ष पर अपना हमला करते हुए कहा कि ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) हिंदू विरोधी है।
कांग्रेस ने कहा कि हर राजनीतिक दल को अपने विचार रखने की आजादी है, लेकिन वह सर्वधर्म समभाव की विचाराधारा में विश्वास रखती है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म की तुलना कोरोना वायरस, मलेरिया, और डेंगू के बुखार से करते हुए कहा था कि ऐसी चीजों का विरोध नहीं करना चाहिए, बल्कि उन्मूलन किया जाना चाहिए।
रक्षा मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने सनातन धर्म पर द्रमुक नेता उदयनिधि स्टालिन की टिप्पणियों को लेकर सोमवार को विपक्ष पर निशाना साधा और सवाल किया कि इस पर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अशोक गहलोत "चुप" क्यों हैं?
राजस्थान में भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा के तीसरे दौर की शुरूआत पर जैसलमेर के रामदेवरा में जनसभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने राहुल गांधी पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, ‘‘चंद्रयान तो चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतर गया लेकिन 'राहुलयान' न तो लॉन्च हो सका और न ही लैंड हो सका।’’
पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि उन्होंने (उदयनिधि) जो कहा है, वह चौंकाने वाला और शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि उदयनिधि द्वारा अपने बयान को दोहराया जाना और भी हतप्रभ करने वाला है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम, जिनके पिता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम भ्रष्टाचार के एक मामले में मुकदमे का सामना कर रहे हैं, भी उदयनिधि के बयान का बचाव कर रहे हैं।
केंद्रीय विधि व न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा और कांग्रेस से पूछा कि क्या ‘इंडिया’ ने सनातन धर्म के खिलाफ अपने एजेंडे को अंतिम रूप देने और उसे पूरे देश में समाप्त करने के लिए मुंबई में बैठक की थी।
उन्होंने कांग्रेस नेता के सी वेणुगोपाल पर धर्म के खिलाफ जहर उगलने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘क्या यह आपकी मोहब्बत की दुकान है।’’
उदयनिधि के बयान के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारा रुख स्पष्ट है। सर्वधर्म समभाव कांग्रेस की विचारधारा है। लेकिन आपको यह समझना होगा कि हर राजनीतिक दल को अपने विचार रखने की आजादी है। हम हर किसी की आस्था का सम्मान करते हैं।’’
इस मुद्दे के बारे में पूछे जाने पर कर्नाटक के मंत्री और कांग्रेस नेता प्रियंक खरगे ने कहा कि कोई भी धर्म जो समान अधिकार नहीं देता है वह धर्म नहीं है और "एक बीमारी के समान है"।
खरगे का कहना था, ‘‘कोई भी धर्म जो समानता को बढ़ावा नहीं देता है, कोई भी धर्म जो यह सुनिश्चित नहीं करता है कि आपको एक मनुष्य होने की गरिमा प्राप्त है, वह मेरे अनुसार धर्म नहीं है। इसलिए यह एक बीमारी के समान ही है।’’
कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कर्ण सिंह ने द्रमुक नेता के बयान को ''बेतुका'' और ''बेहद दुर्भाग्यपूर्ण'' करार दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘उदयनिधि का यह बेतुका बयान कि सनातन धर्म को खत्म कर देना चाहिए, अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। इस देश में करोड़ों लोग कम या ज्यादा हद तक सनातन धर्म के सिद्धांतों का पालन करते हैं।’’
सिंह ने एक बयान में कहा, ‘‘इसके अलावा, दुनिया में सबसे महान सनातन धर्म मंदिर तमिलनाडु में हैं...यह चौंकाने वाली बात है कि एक जिम्मेदार नेता इस तरह का पूरी तरह से अस्वीकार्य बयान देता है। मैं शानदार तमिल संस्कृति का बहुत सम्मान करता हूं, लेकिन मैं उदयनिधि के बयान पर कड़ी आपत्ति जताता हूं।’’
शिवसेना (यूबीटी) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए उस पर अपनी राजनीति के लिए सनातन धर्म पर ‘‘फर्जी चिंता'' दिखाने का आरोप लगाया और इसे पाखंड करार दिया।
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘सनातन धर्म शाश्वत सत्य - जीवन जीने का तरीका - विवेक और अस्तित्व का प्रतीक है। सनातनियों ने लंबे समय तक आक्रमणकारियों के हमलों को झेला है जो उनकी पहचान को समाप्त करने के लिए किये गये, फिर भी वे न केवल जीवित रहे बल्कि फले-फूले भी।’’
प्रियंका चतुर्वेदी का कहना था, ‘‘देश की आधारशिला, जो सनातन धर्म से जुड़ी है, सभी आस्थाओं और पहचानों के समावेश की रही है। इसके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वाला कोई भी व्यक्ति इस बात से अनभिज्ञ है कि इसका क्या मतलब है।"
उन्होंने कहा, ‘‘इसके अलावा भाजपा द्वारा अपनी राजनीति के लिए सनातन धर्म पर दिखाई गई फर्जी चिंता उनके पाखंड को उजागर करती है, जबकि वे महाराष्ट्र में अपने अधिकारों के लिए लड़ रहे सनातनियों पर बेरहमी से लाठियां बरसा रहे हैं।’’
हक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)