देश की खबरें | अन्य समुदाय की महिला को बाइक पर ले जाने को लेकर व्यक्ति पर हमला करने के मामले में दो बंदी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक के बेंगलुरु में अन्य समुदाय की एक महिला के साथ बाइक पर जा रहे एक व्यक्ति पर दो युवकों ने कथित रुप से हमला कर दिया।

बेंगलुरु, 19 सितंबर कर्नाटक के बेंगलुरु में अन्य समुदाय की एक महिला के साथ बाइक पर जा रहे एक व्यक्ति पर दो युवकों ने कथित रुप से हमला कर दिया।

बेंगलुरू के उत्तर पूर्वी मंडल के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ने रविवार को एक बयान में बताया, “अलग धर्म की महिला के साथ पर बाइक जा रहे व्यक्ति के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस बाबत सुद्दागुंटेपल्या थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस पर तेजी से कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।”

मुख्यमंत्री बसवराज एस बोम्मई ने भी शुक्रवार रात हुई इस घटना पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्विटर पर कहा, “अलग धर्म की महिला के साथ यात्रा करने वाले व्यक्ति पर हमला करने के मामले में बेंगलुरु पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की है। दो आरोपियों की पहचान की गई है, मामला दर्ज किया गया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मेरी सरकार इस तरह की घटनाओं से सख्ती से निपटती है।”

पुलिस के मुताबिक, एक आरोपी ने घटना का वीडियो बना लिया था और बाद में इसे सोशल मीडिया पर डाल दिया था, जो वायरल हो गया।

वीडियो में दिख रहा है, दोनों आरोपी उनके समुदाय की एक महिला को बाइक पर ले जाने की "हिम्मत" करने के लिए एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर रहे हैं और उसे गालियां दे रहे हैं।

इसके बाद दोनों ने महिला को उसके पति का फोन नंबर देने के लिए मजबूर किया और फिर उसके पति को फोन कर अपनी पत्नी को दूसरे समुदाय के व्यक्ति के साथ जाने देने के लिए उसे भी अपशब्द कहे।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपियों ने महिला को बाइक पर से उतार लिया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now