देश की खबरें | नहर से बच्चों से शव निकलवाने पर दो पुलिसकर्मी पुलिस लाइन स्थानांतरित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में नहर में पड़े एक अज्ञात व्यक्ति का शव बच्चों से निकलवाने पर दो पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन स्थानांतरित कर दिया गया है।
बुलंदशहर, एक जुलाई उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में नहर में पड़े एक अज्ञात व्यक्ति का शव बच्चों से निकलवाने पर दो पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन स्थानांतरित कर दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि घटना बुधवार सुबह उस समय की है जब पुलिस को वलीपुर गंगनहर में अज्ञात व्यक्ति का शव पड़े होने की जानकारी दी गई।
यह भी पढ़े | कोविड-19 के उत्तराखंड में शाम 7 बजे तक 66 मरीज पाए गए: 1 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.
उन्होंने बताया कि शव पुलिया के पास फंसा था। इसकी जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस थाने के उप निरीक्षक और एक आरक्षी मौके पर पहुंचे।
बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने कहा, ‘‘हमने वीडियो देखा है जिसमें कुछ बच्चे लकड़ी के लट्ठों और डंडों की मदद से शव को नहर के एक किनारे पर लाते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि पुलिस उपनिरीक्षक और आरक्षी वहीं खड़े होकर यह देख रहे हैं।’’
यह भी पढ़े | Earthquake: जम्मू-कश्मीर में क्यों बार-बार आ रहा है भूकंप, क्या है दिल्ली-एनसीआर से संबंध, जानें वजह.
उन्होंने कहा, ‘‘पुलिसकर्मियों का इस तरह का व्यवहार सही नहीं है और इसका असर पूरे पुलिस विभाग की छवि पर पड़ता है। वीडियो में दिख रहे बच्चे नाबालिग लग रहे हैं और इस तरह के काम में उनकी मदद नहीं ली जानी चाहिए।’’
सिंह ने कहा, ‘‘इसलिए उप निरीक्षक राम नरेश और आरक्षी महाबीर को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन स्थानांतरित कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि वीडियो में चार बच्चे शव को नहर से किनारे लाते दिख रहे हैं जबकि दो पुलिस कर्मी और एक अज्ञात व्यक्ति कुछ दूरी से इसे देख रहे हैं।
सिंह ने कहा कि मामले में जांच शुरू कर दी है और क्षेत्राधिकारी को जांच की जिम्मेदारी दी गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘इस बात की जांच की जाएगी कि क्यों इस मामले में असंवेदनशील रवैया अपनाया गया और बच्चों को इस काम में शामिल किया गया और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।’’
इस बीच, पुलिस ने कहा कि नहर में बह कर आए शव की पहचान नहीं हो सकी है और उसके शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं है।
पुलिस ने कहा कि कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)