देश की खबरें | इंदौर में 40 लाख रुपये के नकली नोट के साथ दो लोग गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. इंदौर में पुलिस ने 40 लाख रुपये के नकली नोट के साथ मंगलवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
इंदौर, 13 मई इंदौर में पुलिस ने 40 लाख रुपये के नकली नोट के साथ मंगलवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रामसनेही मिश्र ने संवाददाताओं को बताया कि आरोपियों की पहचान प्रथमेश येवतकर (22) और दीपक कौशल (28) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि येवतकर महाराष्ट्र के जलगांव जिले का रहने वाला है, जबकि कौशल इंदौर जिले का निवासी है।
मिश्रा ने बताया कि दोनों आरोपियों के कब्जे से 8,000 रुपये के असली नोट और 40 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि नकली नोट 500-500 रुपये की शक्ल में हैं। मिश्रा ने बताया कि आरोपी सोशल मीडिया पर लोगों से संपर्क करते थे और उन्हें एक लाख रुपये के बदले चार लाख रुपये के नोट देने का लालच देकर अपने जाल में फंसाते थे।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से बरामद नकली नोटों पर महात्मा गांधी की तस्वीर छपी है और इन नोटों पर 'मनोरंजन बैंक ऑफ इंडिया' और अंग्रेजी में 'फुल ऑफ फन' भी छपा है।
उन्होंने बताया कि ये नोट इतने करीने से तैयार किए गए हैं कि विवरण को ध्यान से नहीं देखने पर कोई भी व्यक्ति धोखा खा सकता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)