देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकवादियों के हमले में वन विभाग के दो कर्मी घायल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकवादियों के हमले में वन विभाग के दो कर्मी घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

श्रीनगर, 19 जुलाई जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकवादियों के हमले में वन विभाग के दो कर्मी घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि बल को सूचना मिली थी कि ‘‘आतंकवादियों ने वन विभाग के उन कर्मियों पर गोलीबारी की’’, जिन्होंने जिले में बागंदर पुल के निकट लकड़ी तस्करों को पकड़ने के लिए एक चौकी बनाई थी।

उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अतिरिक्त बल के साथ घटनास्थल पहुंचे।

घायल हुए जहांगीर अहमद चेची और इमरान यूसुफ वानी को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रवक्ता ने बताया कि वानी की जांघ में गोली लगी है और उन्हें विशेष उपचार के लिए पुलवामा के एस एम एच एस अस्पताल में भर्ती कराया गया जबकि चेची को मामूली चोट लगी है और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

उन्होंने बताया कि इस घटना के संबंध में एक मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।

घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया और सघन तलाश अभियान शुरू किया।

प्रवक्ता ने बताया कि घटनास्थल से कुछ खाली कारतूस बरामद किए गए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\