देश की खबरें | मोबाइल चोरी के संदेह में आदिवासी ग्रामीण को जेसीबी से बांध कर पीटा, तीन गिरफ्तार

सूरजपुर, 12 जुलाई छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में मोबाइल चोरी के संदेह में एक आदिवासी ग्रामीण को जेसीबी मशीन से बांधकर पीटने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मायापुर गांव में कलिंदर राम शांडिल्य को कथित रूप से जेसीबी से बांधकर पिटाई करने के आरोप में पुलिस ने अभिषेक पटेल, कृष्ण कुमार पटेल और सोनू राठौड़ को गिरफ्तार कर लिया है।

उन्होंने बताया कि मायापुर गांव में सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है और मंगलवार को जब शांडिल्य मायापुर से पैदल अपने गांव सरहरी जा रहा था तब जेसीबी मशीन के ऑपरेटर और निर्माण कार्य में लगे दो अन्य लोगों ने उस पर मोबाइल फोन चोरी करने का आरोप लगाया और उसे जेसीबी मशीन में बांधकर उसके साथ मारपीट की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब घटना की जानकारी मिलने के बाद शांडिल्य के परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे तब तीनों ने उसे छोड़ा।

उन्होंने बताया कि पुलिस को जब घटना की जानकारी मिली तब पुलिस दल को सरहरी गांव स्थित शांडिल्य के घर भेजा गया, जब पुलिस ने शांडिल्य से पूछताछ की तब उसने बताया कि आरोपियों ने घटना के बारे में पुलिस को सूचित करने पर उसे परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)