देश की खबरें | ट्रेन दुर्घटना : ओडिशा सरकार शवों को भेजने का खर्च वहन करेगी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा के मुख्य सचिव पी के जेना ने सोमवार को कहा कि ट्रेन दुर्घटना में मारे गये लोगों के शवों को अलग-अलग राज्यों में ले जाने का खर्च ओडिशा सरकार वहन करेगी।

भुवनेश्वर, पांच जून ओडिशा के मुख्य सचिव पी के जेना ने सोमवार को कहा कि ट्रेन दुर्घटना में मारे गये लोगों के शवों को अलग-अलग राज्यों में ले जाने का खर्च ओडिशा सरकार वहन करेगी।

उन्होंने कहा कि बालासोर और भुवनेश्वर में अब तक 275 में से 170 शवों की पहचान की जा चुकी है। जेना ने कहा, ‘‘शोक संतप्त परिवारों की मदद के लिए शवों को विभिन्न गंतव्यों तक भेजने की निशुल्क व्यवस्था की जाएगी।’’

उन्होंने कहा कि मृत्यु प्रमाण पत्र जल्द से जल्द प्रदान किया जाएगा और इसे मृतक के परिवारों को इलेक्ट्रॉनिक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजा जाएगा।

राज्य सरकार ने ट्रेन हादसे में हताहतों के संबंध में जानकारी के लिए दो टोल-फ्री नंबर की भी घोषणा की है। जेना ने कहा कि देश भर से लोग इन नंबर पर फोन कर मृतकों और घायलों के बारे में जानकारी ले सकते हैं। मृतक यात्रियों की तस्वीरें भी सरकार की वेबसाइट पर अपलोड की गई हैं।

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स)-भुवनेश्वर ने एक बयान में कहा कि उसे 123 शव मिले थे और सोमवार सुबह तक पहचान के बाद 24 (पश्चिम बंगाल के 16, बिहार के पांच, ओडिशा के दो और झारखंड के एक) को भेज दिया गया।

रविवार को बालासोर से कम से कम 192 शवों को भुवनेश्वर लाया गया और छह निजी और सरकारी अस्पतालों के मुर्दाघर में रखा गया।

एक सरकारी नोट के अनुसार, 1,207 घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जिनमें से 1,009 को छुट्टी दी जा चुकी है। एक अधिकारी ने बताया, ‘‘विभिन्न अस्पतालों में 198 घायल यात्री भर्ती हैं। एक को छोड़कर सभी की हालत स्थिर है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now