देश की खबरें | व्यापारियों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के समर्थन में निकाला ‘तिरंगा मार्च’, पाकिस्तान के खिलाफ नारे लगाये
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय सेना और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत उसकी हाल की सैन्य कार्रवाई के प्रति एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए सदर बाजार और कनॉट प्लेस के व्यापारियों ने बृहस्पतिवार को पाकिस्तान के खिलाफ नारे लगाते हुए ‘तिरंगा मार्च’ निकाला।
नयी दिल्ली, आठ मई भारतीय सेना और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत उसकी हाल की सैन्य कार्रवाई के प्रति एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए सदर बाजार और कनॉट प्लेस के व्यापारियों ने बृहस्पतिवार को पाकिस्तान के खिलाफ नारे लगाते हुए ‘तिरंगा मार्च’ निकाला।
मार्च के दौरान व्यापारियों ने एक विशाल राष्ट्रीय ध्वज भी ले रखा था।
भारतीय सशस्त्र बलों ने पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेते हुए मंगलवार देर रात पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए थे, जिनमें बहावलपुर का जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा का ठिकाना शामिल है।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले में 26 लोग मारे गये थे।
‘फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन’ द्वारा आयोजित यह मार्च कुतुब रोड चौक से शुरू हुआ। इसमें शामिल लोगों ने आतंकवाद की निंदा करते हुए नारे लगाए और भारत की सशस्त्र सेनाओं के प्रति समर्थन जताया।
सभा को संबोधित करते हुए फेडरेशन के चेयरमैन परमजीत सिंह पम्मा ने कहा कि यह अभियान पाकिस्तान में आतंकवादी नेटवर्क की मौजूदगी को उजागर करता है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह कार्रवाई दर्शाती है कि पाकिस्तान में अब भी ऐसे अड्डे मौजूद हैं। अंतरराष्ट्रीय समुदाय, खासकर संयुक्त राष्ट्र को इस पर ध्यान देना चाहिए और पाकिस्तान को आतंकवादी देश घोषित करने पर विचार करना चाहिए।’’
फेडरेशन के अध्यक्ष राकेश यादव ने हाल में जम्मू-कश्मीर में एक गुरुद्वारे पर हुए हमले की भी निंदा की, जिसमें कई ग्रंथियों की मौत हो गई थी।
प्रदर्शनकारियों ने ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’, ‘भारत माता की जय’, ‘भारतीय सेना जिंदाबाद’ और ‘इंकलाब जिंदाबाद’ जैसे नारे लगाते हुए सड़कों पर मार्च किया।
कनॉट प्लेस में एक समानांतर प्रदर्शन आयोजित किया गया, जहां कई व्यापारी संगठन एक विशाल राष्ट्रीय ध्वज के साथ एकत्र हुए और ‘इंडिया आर्मी संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं’ और ‘मोदी है तो मुमकिन है’ जैसे नारे लगाए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)