देश की खबरें | इंदौर में डेंगू के कुल मामलों की तादाद 1,000 हुई, मॉनसून की विदाई के बाद भी कायम बीमारी का दंश

इंदौर, 19 नवंबर मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में शुक्रवार को 21 नये मामले मिलने के बाद इस साल डेंगू के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 1,000 पर पहुंच गई।

जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. दौलत पटेल ने बताया कि डेंगू के 21 नये मरीजों में 10 बच्चे और तीन महिलाएं शामिल हैं।

पटेल ने बताया कि इंदौर में इस साल डेंगू के मरीज मिलने का सिलसिला जून से शुरू हुआ था। उन्होंने बताया, ‘‘गुजरे सालों में देखा गया है कि मॉनसून की विदाई के बाद इंदौर में डेंगू का प्रकोप लगभग खत्म हो जाता है। लेकिन इस बार मॉनसून की विदाई के बाद भी जिले में डेंगू के नये मामले उल्लेखनीय संख्या में मिल रहे हैं।’’

पटेल ने कहा कि डेंगू से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग की हिदायतों को कई लोगों द्वारा नहीं माना जा रहा है।

उन्होंने दावा किया कि इंदौर में डेंगू के अब तक मिले कुल 1,000 मरीजों में से केवल एक व्यक्ति की मौत हुई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)