देश की खबरें | शीर्ष सैन्य अधिकारियों ने कोर कमांडर वार्ता के सातवें दौर से पहले लद्दाख के हालात की समीक्षा की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. शीर्ष सैन्य अधिकारियों ने 12 अक्टूबर को चीनी सेना पीएलए के साथ होने वाली कोर कमांडर स्तर की वार्ता के सातवें दौर की रणनीति पर शुक्रवार को बातचीत की और पूर्वी लद्दाख में सुरक्षा हालात का जायजा लिया।
नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर शीर्ष सैन्य अधिकारियों ने 12 अक्टूबर को चीनी सेना पीएलए के साथ होने वाली कोर कमांडर स्तर की वार्ता के सातवें दौर की रणनीति पर शुक्रवार को बातचीत की और पूर्वी लद्दाख में सुरक्षा हालात का जायजा लिया।
पूर्वी लद्दाख में टकराव के बिंदुओं से सैनिकों की वापसी के लिए रूपरेखा तैयार करने के विशेष एजेंडा के साथ कोर कमांडरों की वार्ता हो रही है।
यह भी पढ़े | Coronavirus Updates in Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या में 16 सौ से ज्यादा का इजाफा.
सूत्रों ने कहा कि शीर्ष सैन्य अधिकारियों ने पूर्वी लद्दाख में हालात की समीक्षा की और सोमवार को होने वाली वार्ता में उठाये जाने वाले प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
सेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे और कई शीर्ष सैन्य अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।
सूत्रों के अनुसार दोनों पक्ष वार्ता में जमीनी स्तर पर स्थिरता बनाये रखने तथा क्षेत्र में नये सिरे से तनाव पैदा कर सकने वाली कार्रवाई से बचने के लिए और कदम उठाने पर विचार कर सकते हैं।
विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी वार्ता में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बन सकते हैं जिसका नेतृत्व भारतीय सेना की लेह स्थित 14 कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल हरिंदर सिंह करेंगे।
दोनों पक्षों ने 21 सितंबर को सैन्य वार्ता के पिछले दौर के बाद कुछ फैसलों की घोषणा की थी जिनमें अग्रिम मोर्चे पर और अधिक सैनिकों को नहीं भेजना, एकपक्षीय तरीके से जमीनी हालात को बदलने से बचना और चीजों को और जटिल बनाने वाली कार्रवाइयों से बचना शामिल है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)