देश की खबरें | शीर्ष सैन्य अधिकारी ने जम्मू आईईडी विस्फोट में शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू स्थित ‘व्हाइट नाइट कोर’ के ‘जनरल ऑफिसर कमांडिंग’ लेफ्टिनेंट जनरल नवीन सचदेवा ने बुधवार को एक कैप्टन समेत उन दो सैन्य कर्मियों को श्रद्धांजलि दी जो पिछले दिन यहां अखनूर सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास एक आईईडी विस्फोट में शहीद हो गए थे।

जम्मू, 12 फरवरी जम्मू स्थित ‘व्हाइट नाइट कोर’ के ‘जनरल ऑफिसर कमांडिंग’ लेफ्टिनेंट जनरल नवीन सचदेवा ने बुधवार को एक कैप्टन समेत उन दो सैन्य कर्मियों को श्रद्धांजलि दी जो पिछले दिन यहां अखनूर सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास एक आईईडी विस्फोट में शहीद हो गए थे।

झारखंड के कैप्टन करमजीत सिंह बख्शी और जम्मू-कश्मीर के सांबा के नायक मुकेश सिंह मन्हास को श्रद्धांजलि देने के लिए यहां भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के स्टेशन पर दोपहर दो बजे पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। उसके बाद उनके पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए उनके गृहनगर भेजे गये।

अधिकारियों ने बताया कि लेफ्टिनेंट जनरल सचदेवा और अन्य सैन्य अधिकारियों ने तिरंगे में लिपटे शहीदों के ताबूतों पर पुष्पांजलि अर्पित की।

उन्होंने बताया कि जम्मू के संभागीय आयुक्त रमेश कुमार, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) आनंद जैन और जम्मू क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक भीम सेन टूटी समेत भारतीय वायुसेना, पुलिस और नागरिक प्रशासन के अधिकारियों ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया।

जम्मू-कश्मीर में अखनूर सेक्टर के भट्टल क्षेत्र में अग्रिम चौकी के पास मंगलवार को एक आईईडी विस्फोट में सेना के कैप्टन समेत दो जवान शहीद हो गए, जबकि एक अन्य घायल हो गया। संदेह है कि आतंकवादियों ने यह आईईडी बम लगाया था।

विस्फोट के बाद सेना के जवानों ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कोई आतंकवादी नहीं मिला। समझा जाता है कि आईईडी विस्फोट करने के बाद आतंकवादी सीमा पार भाग गए।

अधिकारियों ने बताया कि इन बहादुर सैनिकों के पार्थिव शरीर उनके गृहनगर भेजे जा रहे हैं जहां सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कैप्टन बख्शी और नायक मन्हास दोनों की अप्रैल में शादी होने वाली थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now