देश की खबरें | मऊ में आकाशीय बिजली गिरने से दंपति समेत तीन लोगों की मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में आकाशीय बिजली गिरने की दो घटनाओं में एक दंपति समेत तीन व्यक्तियों की मौत हो गयी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

मऊ, छह मई उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में आकाशीय बिजली गिरने की दो घटनाओं में एक दंपति समेत तीन व्यक्तियों की मौत हो गयी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों अनुसार, पहली घटना हलधरपुर थाना क्षेत्र के सेहबरपुर ग्राम पंचायत में सोमवार शाम हुई।

उन्होंने बताया कि लालचंद राजभर (40) शाम करीब 5:30 बजे गांव के बगल में भैंस चरा रहे थे, तभी अचानक बारिश शुरू हुई और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आकर लालचंद की मौके पर ही मौत हो गयी।

वहीं, दूसरी घटना भी हलधरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ठैचा ग्राम पंचायत के रेता पुरवा में हुई, जहां आकाशीय बिजली गिरने से राजभर दंपति की मौके पर ही मौत हो गयी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान कांता राजभर (55) और उनकी पत्नी बलकेतिया देवी (50) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि दोनों खेत में खरबूजे की फसल की रखवाली कर रहे थे, तभी अचानक बिजली गिरने से दोनों की जान चली गयी।

हादसे की सूचना मिलते ही गांव वालों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मऊ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) इला मारन जी ने बताया कि सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से पति-पत्‍नी समेत तीन लोगों की मौत हो गयी।

एसपी ने कहा कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

दोनों घटनाओं में राजस्व विभाग की टीम और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विधिक प्रक्रिया पूरी की।

सं आनन्‍द

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\