नयी दिल्ली, 20 दिसंबर दिल्ली पुलिस ने सात साल के एक बच्चे का कथित रूप से अपहरण करने को लेकर उसके मामा समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बच्चे के मामा विकास (25) को मध्य दिल्ली के इंद्रपुरी स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने कहा कि विकास इस बात पर नजर रख रहा था कि बच्चे का परिवार क्या-क्या कदम उठा रहा है तथा पुलिस जांच किस ओर बढ़ रही है।
अधिकारियों ने बताया कि विकास अन्य दो आरोपियों-- दीपक (25) और शिवमपाल (27) को ये जानकारियां पहुंचा रहा था।
पुलिस ने बताया कि अन्य दो आरोपियों को पुराने राजेंद्र नगर से गिरफ्तार किया गया जहां बच्चे को अगवा करने के बाद रखा गया था।
इसने कहा कि जांच दलों ने विभिन्न सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जिसके बाद तीन लोगों को गिरफ्तार किया और बच्चे को मुक्त कराया।
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों ने फिरौती वसूलने के इरादे से बच्चे का अपहरण करने की साजिश रची थी।
इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा, ‘‘मंगलवार को एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि सात साल का उसका बेटा रहस्यमय परिस्थिति में लापता हो गया है। उसने पुलिस को यह भी बताया कि उससे उसके मोबाइल फोन पर तीन लाख रुपये की फिरौती मांगी गई है। तब इस मामले की जांच के लिए विभिन्न टीम बनाई गईं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘दीपक और शिवमपाल ने बच्चे को खाने की चीजें देकर उससे दोस्ती की और उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बिठाकर अगवा कर लिया। वे उसे पुराने राजेंद्र नगर ले गए और फिर वहां से शिकायतकर्ता को फिरौती के लिए फोन किया।’’
अधिकारी ने बताया कि बच्चे का शुभेच्छु बनकर विकास इस बीच पूरी स्थिति पर नजर रख रहा था तथा पुलिस के सभी प्रयासों को देख रहा था एवं व्हाट्सऐप के माध्यम से अन्य दो आरोपियों तक सूचना पहुंचा रहा था।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY