देश की खबरें | मंत्री गोरे पर उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला जबरन वसूली के मामले में गिरफ्तार : पुलिस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के मंत्री जयकुमार गोरे पर उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला को कथित तौर पर जबरन वसूली करने को लेकर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
सतारा (महाराष्ट्र), 21 मार्च महाराष्ट्र के मंत्री जयकुमार गोरे पर उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला को कथित तौर पर जबरन वसूली करने को लेकर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पश्चिमी महाराष्ट्र के सतारा जिले के मान विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले गोरे ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार महिला की पहचान अभी उजागर नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि उसे सतारा से गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारी ने बताया, ‘‘महिला ने मामला रफा-दफा करने के लिए तीन करोड़ रुपए मांगे थे। उसे कुल रकम में से एक करोड़ रुपए लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।’’
विपक्षी दल महिला को परेशान करने और उसे आपत्तिजनक तस्वीरें भेजने के आरोपों को लेकर गोरे के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं, लेकिन मंत्री ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उन्हें पहले ही अदालत ने बरी कर दिया है।
गोरे ने पहले कहा था कि 2017 में उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 (महिला की लज्जा भंग करने) के तहत मामला दर्ज किया गया था, लेकिन निचली अदालत ने उन्हें 2019 में बरी कर दिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)