जरुरी जानकारी | भारतीय शेयर बाजार का मूल्यांकन पहली बार 4,000 अरब डॉलर पर पहुंचा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. देश के प्रमुख शेयर बाजार बीएसई पर सूचीबद्ध सभी कंपनियों का संयुक्त बाजार मूल्यांकन बुधवार को पहली बार 4,000 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। यह इक्विटी शेयरों के प्रति सकारात्मक रुझान को दर्शाता है।
नयी दिल्ली, 29 नवंबर देश के प्रमुख शेयर बाजार बीएसई पर सूचीबद्ध सभी कंपनियों का संयुक्त बाजार मूल्यांकन बुधवार को पहली बार 4,000 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। यह इक्विटी शेयरों के प्रति सकारात्मक रुझान को दर्शाता है।
बीएसई पर सूचीबद्ध सभी कंपनियों के बाजार पूंजीकरण को 3,000 अरब डॉलर से 4,000 अरब डॉलर के स्तर तक पहुंचने में सिर्फ ढाई साल लगे। बाजार पूंजीकरण 24 मई, 2021 को पहली बार 3,000 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंचा था।
इससे पहले बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मूल्यांकन 28 मई, 2007 को 1,000 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंचा था। इसके बाद छह जून, 2014 को यह 1,500 अरब डॉलर पर पहुंचा। इस तरह बाजार को 1,000 अरब डॉलर से 1,500 अरब डॉलर तक पहुंचने में करीब सात साल लगे।
वहीं सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मूल्यांकन 10 जुलाई, 2017 को 2,000 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गया।
बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण सुबह के कारोबार में 3,33,26,881.49 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो 83.31 रुपया प्रति डॉलर की विनिमय दर के हिसाब से 4,000 अरब डॉलर होता है।
कारोबार के अंत में बाजार पूंजीकरण 3,33,29,095.37 करोड़ रुपये रहा। इस साल अब तक बीएसई का मानक सूचकांक सेंसेक्स 6,061.17 अंक यानी 9.96 प्रतिशत बढ़ चुका है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)