देश की खबरें | बालक का अपहरण करने पर ट्यूटर गिरफ्तार, बच्चे को दार्जिलिंग से कराया गया मुक्त
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब के होशियारपुर से एक माह पूर्व ट्यूटर द्वारा कथित रूप से अगवा कर लिये गये 13 वर्षीय एक बालक को पुलिस ने मुक्त कराने के साथ ही अपहर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
होशियारपुर (पंजाब), 27 अप्रैल पंजाब के होशियारपुर से एक माह पूर्व ट्यूटर द्वारा कथित रूप से अगवा कर लिये गये 13 वर्षीय एक बालक को पुलिस ने मुक्त कराने के साथ ही अपहर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
मॉडल टाउन थाने के प्रभारी उपनिरीक्षक गुरसाहिब सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा का यह बालक यहां अपने माता-पिता के साथ किराये के मकान में रह रहा था।
उन्होंने बताया कि कक्षा सातवीं का यह बालक दशमेश नगर के भूपेंद्र सिंह (51) से प्रतिदिन अपराह्न तीन बजे से साढ़े सात बजे तक ट्यूशन पढ़ता था।
पुलिस के अनुसार भूपिंदर सिंह ने किसी तरह बालक के माता-पिता को मना लिया कि वे उसे दो दिन के लिए शिमला ले जाने दें। लेकिन 12 मार्च को बालक को अपने साथ ले जाने के बाद उसने परिवार के सभी संपर्क नंबर को ब्लाक कर दिया और बच्चे को किसी से बात करने से भी रोक दिया।
बालक के माता-पिता लगभग 18 दिनों तक खुद ही उसकी तलाश करते रहे लेकिन जब वे अपहरणकर्ता और अपने बच्चे का पता लगाने में असफल रहे, तो उन्होंने प्राथमिकी दर्ज कराई।
कानून के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत दो अप्रैल को यहां मॉडल टाउन थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी
भूपेंद्र की तलाश शुरू की गई जो गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था। आखिरकार, पुलिस ने उसे पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग के एक होटल में पाया और दो दिन पहले उसे गिरफ्तार कर लिया। लड़के को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया।
पुलिस ने कहा कि आरोपी बालक को नेपाल सीमा के करीब ले गया था और इस बात की प्रबल संभावना है कि वह बच्चे के साथ नेपाल भी गया हो।
मुक्त कराये गये बालक को बाल कल्याण समिति के समक्ष जबकि आरोपी को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को उससे पूछताछ के लिए चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
पुलिस इस अपहरण के पीछे की मंशा का पता लगाने में जुटी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)