जरुरी जानकारी | सभ्यता का उद्गम स्थल भारत का वक्त एक बार फिर आया: नीता अंबानी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी.

मुंबई, दो मई जियोस्टार की चेयरपर्सन नीता अंबानी ने शुक्रवार को कहा कि भारत सभ्यता का उद्गम स्थल है और देश का वक्त एक बार फिर आ गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि नीता मुकेश अंबानी संस्कृति केंद्र इस सितंबर में न्यूयॉर्क के लिंकन सेंटर में भारतीय सप्ताहांत का आयोजन करेगा। इसमें भारत की कलाओं का प्रदर्शन किया जाएगा।

जियो कन्वेंशन सेंटर में आयोजित वेव्स 2025 कार्यक्रम में नीता अंबानी ने कहा कि भारत एक 'सनातन सभ्यता' है, जिसने दुनिया को सत्य, अहिंसा और विनम्रता के स्थायी आदर्श दिए हैं।

भारत के सबसे बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी ने कहा, ''सदियों से भारत ने दुनिया को अपनी बुद्धि, अपनी सुंदरता और अपनी आत्मा का उपहार दिया है, लेकिन कहीं न कहीं हमारी आवाज नरम पड़ गई। हालांकि, अब यह फिर से उभर रही है।''

अंबानी ने कहा, ''हम सभ्यता के उद्गम स्थल हैं। हम एक ऐसी सांस्कृतिक शक्ति हैं, जिसका समय फिर आ गया है।''

उन्होंने कहा कि कुछ सभ्यताएं अपनी शक्ति और ताकत से कहानी कहती हैं, जबकि भारत ने हमेशा अपनी कहानी आत्मा से कही है।

अंबानी ने कहा कि संस्कृति समय में जमी हुई स्मृति नहीं है, बल्कि एक जीवंत वास्तविकता है, जो नदी की तरह बहती है और उपवन की तरह बढ़ती है।

अंबानी ने कहा कि भारत में प्राचीनता के साथ आधुनिकता प्रतिस्पर्धा नहीं करती, बल्कि सामंजस्यपूर्ण ढंग से सह-अस्तित्व में रहती है।

उन्होंने कहा कि हम अपनी समानताओं को संजोते हैं और अपने मतभेदों का जश्न मनाते हैं और अपने विरोधाभासों को शालीनता से रखते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\