विदेश की खबरें | ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने भारत और पाकिस्तान से तनाव कम करने और बातचीत की अपील की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीअर स्टार्मर ने बुधवार को कहा कि उनका देश ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान में आतंकवादियों के ठिकानों पर भारतीय सेना के हमलों के बाद तनाव कम करने और वार्ता करने के लिए दोनों देशों से बात कर रहा है।
लंदन, सात मई ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीअर स्टार्मर ने बुधवार को कहा कि उनका देश ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान में आतंकवादियों के ठिकानों पर भारतीय सेना के हमलों के बाद तनाव कम करने और वार्ता करने के लिए दोनों देशों से बात कर रहा है।
‘हाउस ऑफ कॉमन्स’ में प्रधानमंत्री से प्रश्न पूछे जाने के सत्र के दौरान स्टार्मर ने भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव पर बात की।
इससे पहले विदेश मंत्री डेविड लैमी ने एक बयान में कहा था कि वह दोनों देशों के अपने समकक्षों से “संयम” बरतने का आग्रह करने के लिए संपर्क में हैं।
स्टार्मर ने संसद से कहा, “भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ता तनाव ब्रिटेन में कई लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय होगा।”
उन्होंने कहा, "हम दोनों देशों और अन्य अंतरराष्ट्रीय साझेदारों से संपर्क कर रहे हैं, तथा बातचीत, तनाव कम करने और आम लोगों की सुरक्षा को प्रोत्साहित कर रहे हैं।"
लैमी ने अपने बयान में भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के कारण ब्रिटेन की "गंभीर चिंता" को दोहराया।
लैमी ने कहा, "ब्रिटेन सरकार भारत और पाकिस्तान से संयम बरतने तथा त्वरित, कूटनीतिक रास्ता तलाशने के लिए सीधी बातचीत करने का आग्रह कर रही है।"
उन्होंने कहा, "ब्रिटेन के दोनों देशों के साथ घनिष्ठ संबंध हैं। मैंने भारत और पाकिस्तान में अपने समकक्षों को स्पष्ट कर दिया है कि अगर तनाव और बढ़ता है, तो दोनों देशों का कोई फायदा नहीं। ब्रिटेन पिछले महीने पहलगाम में हुए भयानक आतंकवादी हमले की स्पष्ट रूप से निंदा करता है । क्षेत्रीय स्थिरता बहाल करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी पक्षों को तत्काल काम करने की आवश्यकता है।"
इससे पहले, व्यापार एवं वाणिज्य मंत्री जोनाथन रेनाल्ड्स ने कहा, “हम दोनों देशों के मित्र हैं, साझेदार हैं। हम दोनों देशों का समर्थन करने के लिए तैयार हैं। दोनों देशों की क्षेत्रीय स्थिरता, वार्ता और तनाव कम करने में गहरी रुचि है और हम इसके समर्थन में जो कुछ भी कर सकते हैं, करेंगे।”
ऑपरेशन सिंदूर के बाद स्कॉटलैंड के प्रथम मंत्री जॉन स्विनी ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “मैं आज रात कश्मीर में हुई घटनाओं से बहुत चिंतित हूं और संघर्ष से बचने के लिए शांति व बातचीत का आग्रह करता हूं।"
स्कॉटलैंड के प्रथम मंत्री का पद प्रधानमंत्री के समकक्ष होता है।
लेबर पार्टी की सरकार के सांसदों में से स्टेला क्रेसी ने सभी संबंधित पक्षों से संयम बरतने का आह्वान किया और कहा, “भारत सरकार द्वारा आज रात जम्मू कश्मीर में सैन्य हवाई हमले किए जाने से मैं बहुत चिंतित हूं। दुनिया इस संघर्ष को बढ़ता देख चुप नहीं रह सकती और साथ ही इस क्षेत्र में निर्दोष नागरिकों को नुकसान पहुंचने का खतरा भी बढ़ रहा है। सभी संबंधित पक्षों को संयम बरतना चाहिए।”
कंजर्वेटिव पार्टी के लॉर्ड तारिक अहमद ने ‘‘युद्ध के लिए पूरी संभावना’ की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि भारत द्वारा पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर पर मिसाइल हमले "दो परमाणु हथियार संपन्न पड़ोसियों के बीच तनाव को बढ़ाने वाला कदम है - आज रात युद्ध की संभावना वास्तविक है।"
उन्होंने एक्स पर लिखा, "हमें इस संघर्ष को बढ़ने से रोकने के लिए तत्काल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बातचीत की आवश्यकता है, जिसके न केवल क्षेत्र बल्कि व्यापक विश्व के लिए गंभीर परिणाम होंगे।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)