गाजीपुर (उप्र), 20 जनवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शुक्रवार को कहा कि आज विकास का मतलब ‘हीरा’ है।
नड्डा ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ''आज मैं कहता हूं कि विकास का मतलब ‘हीरा’ (यानी एचआईआरए) है। इसमें राजमार्ग (हाइवे) के लिए ‘एच’, इंटरनेट के लिए ‘आई’, रेलवे के लिए ‘आर’ और एयरवेज (विमानन) के लिए ‘ए’ है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आज जब मैं आ रहा था तो देख रहा था कि गाजीपुर कितना बदल चुका है। पहले काशी से गाजीपुर आने में घंटों लग जाते थे, लेकिन आज काशी से गाजीपुर पहुंचने में महज डेढ़ घंटे लगते हैं।’’
नड्डा ने इस अवसर पर यह भी कहा कि आज जब पूरी दुनिया आर्थिक मंदी से जूझ रही है, ऐसे में ब्रिटेन को पीछे छोड़ भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स में हमारी वृद्धि (ग्रोथ) छह गुना हो गई है और हम 70 हजार करोड़ का निर्यात कर रहे हैं। नड्डा ने बिना नाम लिए पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत राजीव गांधी के प्रसिद्ध उद्धरण का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘एक समय था, जब देश के प्रधानमंत्री कहते थे कि मैं यहां से एक रुपया भेजता हूं, 15 पैसे पहुंचते हैं, 85 पैसे न जाने कहां चले जाते हैं? लेकिन आज ‘डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर’ (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) से माध्यम सालाना लाखों किसानों के खाते में 6000 हजार रुपये सीधे भेजे जा रहे हैं।’’
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘योगी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश छलांग लगाता हुआ आगे बढ़ रहा है। अखिलेश यादव सरकार के दौरान जब हम पैसा देते थे तो नीचे कटोरे में छेद था, पैसा कहीं और निकल जाता था। उन पैसों से जमीन पर काम नहीं होता था।’’
नड्डा ने कहा, ‘‘कोरोना काल के दौरान हमने 100 से अधिक देशों को कोविड रोधी टीके पहुंचाए थे। भारत अब लेने वाला नहीं देने वाला बन चुका है।’’
भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि आज गांवों की तस्वीर भी बदली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के माध्यम से गरीब, शोषित, वंचित, पीड़ित, और दलितों को मुफ्त अनाज दिया जा रहा है।
इससे पहले कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY