देश की खबरें | पाकुड़ में मुखिया हत्या कांड के आरोपी का घर कुर्क

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. झारखंड में मुखिया हत्याकांड में मुफसिल पुलिस ने फरार नामजद आरोपी हलीम शेख के घर की आज कुर्की जब्ती की।

पाकुड़ (झारखंड), 27फरवरी झारखंड में मुखिया हत्याकांड में मुफसिल पुलिस ने फरार नामजद आरोपी हलीम शेख के घर की आज कुर्की जब्ती की।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस कार्रवाई का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस अधिकारी अजीत कुमार विमल ने की तथा इस मौके पर मुफस्सिल थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद था।

कुर्की करने से पहले आरोपी के घर पर आत्म समर्पण करने को ले नोटिस एवं पोस्टर भी चिपकाया गया था लेकिन आरोपी ने न तो अदालत में और न ही पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया।

उल्लेखनीय है कि गत 20 दिसंबर की देर शाम पाकुड़ से सपरिवार कार से अपने गांव मणिकापाड़ा लौट रहे मुखिया कौशर अली तथा उनकी चार साल की बेटी जुवाइरा नेहार की बम धमाके कर एवं चाकू से गोद कर हत्या कर दी गई थी। घटना में मुखिया की पत्नी नसीमा बीबी तथा बेटा जुनैद गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

पुलिस ने बताया था कि प्रत्यक्षदर्शी कार चालक अमीरूल इस्लाम के बयान के मुताबिक इस हमले में स्थानीय अपराधियों के साथ ही पश्चिम बंगाल के तीन अपराधी शामिल थे। अमीरूरल का कहना है कि अपराधियों ने आधा दर्जन बम फेंके थे जिससे कार क्षतिग्रस्त होकर रूक गई और उसके बाद गांव के ही सहिदुल शेख एवं अब्दुल हलीम वगैरह ने मुखिया एवं उनके पूरे परिवार पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था।

अमीरूल के अनुसार नतीजतन मुखिया एवं उनकी बेटी की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उनकी पत्नी व बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने कार चालक के बयान पर मणिकापाड़ा के सहिदुल शेख, अब्दुल हलीम, आलम शेख, नुसरत, नसीम, शरीफ, फिटु शेख तथा शमीम अख्तर को इस बयान में नामजद किया था। उनके अलावा पश्चिम बंगाल के फरक्का थाना क्षेत्र के पोचलाग्राम के अब्दुल मतीन व नाजीर हुसैन तथा आमतला के शरीफ शेख को भी नामजद किया था।

विमल ने कहा कि फिलहाल मुखिया हत्याकांड के नामजद आरोपी हलीम के घर की कुर्की जब्ती की गई है तथा एक दो दिनों के अंदर फरार सभी आरोपियों के घरों को कुर्क किया जाएगा।

, सं, इन्दु

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\