देश की खबरें | उच्च स्तरीय समिति ने केआईआईटी संस्थापक को नेपाली छात्रा की आत्महत्या के मामले में किया तलब

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. एक छात्रा की कथित आत्महत्या और उसके बाद अन्य नेपाली विद्यार्थियों के खिलाफ की गयी कार्रवाई को लेकर जांच में तेजी लाते हुए ओडिशा सरकार की उच्चस्तरीय समिति ने ‘कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (केआईआईटी)’ के संस्थापक अच्युत सामंत को शुक्रवार को उसके समक्ष पेश होने को कहा है।

भुवनेश्वर, 20 फरवरी एक छात्रा की कथित आत्महत्या और उसके बाद अन्य नेपाली विद्यार्थियों के खिलाफ की गयी कार्रवाई को लेकर जांच में तेजी लाते हुए ओडिशा सरकार की उच्चस्तरीय समिति ने ‘कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (केआईआईटी)’ के संस्थापक अच्युत सामंत को शुक्रवार को उसके समक्ष पेश होने को कहा है।

उच्च शिक्षा विभाग ने बृहस्पतिवार को सामंत को लिखे पत्र में कहा, ‘‘आपसे अनुरोध है कि आप 21 फरवरी को शाम साढ़े छह बजे राज्य अतिथि गृह में उच्च स्तरीय समिति के समक्ष उपस्थित हों तथा कार्यालयी आदेश में उल्लिखित संदर्भ की शर्तों के अनुसार समिति के समक्ष सबूत के तौर पर पर्याप्त दस्तावेज प्रस्तुत करें।’’

गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सत्यब्रत साहू की अगुवाई में तीन सदस्यीय समिति बनायी गयी है तथा उसे आत्महत्या की परिस्थितियों, संस्थान के प्राधिकारियों द्वारा कथित तौर पर की गई मनमानी कार्रवाई, विद्यार्थियों के एक खास समूह को ही नोटिस जारी करने, उनके लिए अनिश्चितकाल के लिये संस्थान बंद करने एवं अन्य संबंधित मामलों की जांच का जिम्मा दिया गया है।

समिति बुधवार को केआईआईटी गयी थी और उसने कुछ नेपाली विद्यार्थियों से बातचीत की थी, जिनके साथ संस्थान के कर्मियों ने परिसर में प्रदर्शन करने पर कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया था।

उच्च शिक्षा मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने कहा, ‘‘उच्च स्तरीय समिति को मामले की जांच के लिए किसी को भी बुलाने का अधिकार है। समिति कानून के आधार पर काम कर रही है।’’

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा,‘‘राज्य सरकार ने नेपाल दूतावास के अधिकारियों से भी चर्चा की है और संबंधित विद्यार्थियों को घटनाक्रम से अवगत कराया है।’’

केआईआईटी में अशांति रविवार दोपहर को नेपाल की 20 वर्षीय छात्रा प्रकृति लामसाल की कथित आत्महत्या के बाद शुरू हुई। अन्य नेपाली विद्यार्थियों ने इस घटना को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और न्याय की मांग की।

प्रदर्शन से कथित तौर पर नाराज केआईआईटी प्रबंधन ने करीब 1,000 नेपाली छात्रों को निलंबन नोटिस जारी कर सोमवार को परिसर छोड़ने को कहा था।

इस बीच, पुलिस आयुक्त एस देव दत्ता सिंह ने कहा कि पुलिस ने 21 वर्षीय एक इंजीनियरिंग छात्र की तीन दिन की हिरासत हासिल कर ली है, जिसे महिला को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

इस छात्र को नेपाली छात्रा की मौत के कुछ घंटों बाद रविवार शाम को शहर से भागने की कोशिश करते हुए यहां बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पकड़ा गया। उस पर छात्रा को ब्लैकमेल करने और गाली-गलौज करने का आरोप है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\