देश की खबरें | भारत-यूरोपीय संघ कारोबार एवं प्रौद्योगिकी परिषद की पहली मंत्री स्तरीय बैठक 16 मई को होगी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत-यूरोपीय संघ कारोबार एवं प्रौद्योगिकी परिषद (टीटीसी) की पहली मंत्री स्तरीय बैठक 16 मई को ब्रसेल्स में होगी जिसमें विदेश मंत्री एस जयशंकर, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और रेल एवं संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव हिस्सा लेंगे। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 12 मई भारत-यूरोपीय संघ कारोबार एवं प्रौद्योगिकी परिषद (टीटीसी) की पहली मंत्री स्तरीय बैठक 16 मई को ब्रसेल्स में होगी जिसमें विदेश मंत्री एस जयशंकर, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और रेल एवं संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव हिस्सा लेंगे। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, टीटीसी की शुरूआत अप्रैल 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने की थी जब लेयेन भारत की यात्रा पर आई थीं।

इसके बाद दोनों पक्षों ने टीटीसी के तहत तीन कार्यकारी समूहों का गठन किया था जिसमें से एक सामरिक प्रौद्योगिकियों, डिजिटल प्रशासन और डिजिटल कनेक्टिविटी और डिजिटल कनेक्टिविटी पर कार्य समूह, दूसरा हरित एवं स्वच्छ ऊर्जा पर कार्य समूह तथा तीसरा कारोबार, निवेश और लचीली मूल्य श्रृंखला पर कार्य समूह शामिल है।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) कारोबार एवं प्रौद्योगिकी परिषद (टीटीसी) की पहली मंत्री स्तरीय बैठक 16 मई को ब्रसेल्स में होगी। इसमें भारतीय पक्ष से सह अध्यक्षता विदेश मंत्री एस जयशंकर, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और रेल एवं संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव करेंगे।

इसमें कहा गया है कि दोनों पक्षों ने कार्य समूह के तहत नियमित रूप से विभिन्न स्तरों पर बैठकें की हैं और लगातार सम्पर्क बनाए रखा है।

हाल में शुरू किये गए टीटीसी के माध्यम से कृत्रिम बुद्धिमता, क्वांटम कम्प्यूटिंग, सेमीकंडक्टर और साइबर सुरक्षा सहित महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों के आदान प्रदान को सुगम बनाने की उम्मीद है।

भारत के साथ टीटीसी, यूरोपीय संघ (ईयू) की दूसरी ऐसी प्रौद्योगिकी गठजोड़ है। ईयू ने ऐसा पहला गठजोड़ जून 2021 में अमेरिका के साथ किया था।

ज्ञात हो कि विदेश मंत्री एस जयशंकर बृहस्पतिवार को बांग्लादेश, स्वीडन और बेल्जियम की छह दिवसीय यात्रा पर रवाना हो गए हैं। वे अपनी यात्रा के अंतिम चरण में 15-16 मई को बेल्जियम में रहेंगे। ब्रसेल्स में जयशंकर की बेल्जियम और यूरोपीय संघ के अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय बैठक होगी।

दीपक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\