देश की खबरें | बेअदबी रोधी विधेयक पर पंजाब विधानसभा की प्रवर समिति की पहली बैठक हुई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बेअदबी रोधी विधेयक पर सभी हितधारकों के साथ व्यापक परामर्श के लिए गठित की गई पंजाब विधानसभा की 15 सदस्यीय प्रवर समिति ने बृहस्पतिवार को पहली बैठक की।
चंडीगढ़, 24 जुलाई बेअदबी रोधी विधेयक पर सभी हितधारकों के साथ व्यापक परामर्श के लिए गठित की गई पंजाब विधानसभा की 15 सदस्यीय प्रवर समिति ने बृहस्पतिवार को पहली बैठक की।
पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवान ने 19 जुलाई को पंजाब पवित्र धर्मग्रंथों के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम विधेयक, 2025 पर जनता की राय जानने के लिए सदन की प्रवर समिति का गठन किया था।
पंजाब विधानसभा ने धार्मिक ग्रंथों के विरुद्ध अपवित्र कृत्यों के लिए आजीवन कारावास तक की सजा के प्रावधान वाले इस विधेयक को सर्वसम्मति से सदन की प्रवर समिति के पास भेज दिया था ताकि प्रस्तावित कानून पर धार्मिक निकायों समेत जनता की राय ली जा सके।
समिति जनता की राय लेने के बाद छह महीने के भीतर विधेयक पर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
बृहस्पतिवार को यहां हुई प्रवर समिति की पहली बैठक की अध्यक्षता आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक इंद्रबीर सिंह निज्जर ने की।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में निज्जर ने कहा कि समिति के सदस्यों ने समिति के कार्यक्षेत्र और विधेयक पर भी चर्चा की।
हालांकि, उन्होंने कहा कि वह समिति की दैनिक कार्यवाही के बारे में विवरण साझा नहीं कर सकते क्योंकि ये गोपनीय हैं।
निज्जर ने कहा, "यह (बेअदबी) एक संवेदनशील मुद्दा है। हम बैठकें करते रहेंगे।" उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश छह महीने में रिपोर्ट सौंपने की होगी।
उन्होंने कहा कि जनता इस विधेयक पर अपनी राय ई-मेल और व्हाट्सएप नंबर के माध्यम से भेज सकती है।
उन्होंने कहा कि जनता की राय पर अगली बैठक में विचार किया जाएगा।
समिति के सदस्यों में आप विधायक अजय गुप्ता, अमनदीप कौर अरोड़ा, इंदरजीत कौर मान, जगदीप कंबोज, नीना मित्तल, बलजिंदर कौर, बुध राम, ब्रम शंकर जिम्पा, मदन लाल बग्गा, मोहम्मद जमील उर रहमान, भाजपा विधायक जंगी लाल महाजन, कांग्रेस विधायक तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, बलविंदर सिंह धालीवाल और शिरोमणि अकाली दल के विधायक मनप्रीत सिंह अयाली शामिल हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)