देश की खबरें | लू का असर हुआ कम, उत्तर भारत में तापमान तीन से चार डिग्री सेल्सियस गिरने का अनुमान
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर भारत के मैदानी एवं पर्वतीय इलाकों में लू का असर कम हो गया है और आगामी पांच दिन लू चलने की संभावना नहीं है।
नयी दिल्ली, तीन जुलाई उत्तर भारत के मैदानी एवं पर्वतीय इलाकों में लू का असर कम हो गया है और आगामी पांच दिन लू चलने की संभावना नहीं है।
मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को बताया कि आगामी पांच दिन तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। आईएमडी ने एक-दो जुलाई को लू चलने का अलर्ट जारी किया था।
उसने कहा, ‘‘जैसी संभावना जताई गई थी, उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानों से लू का असर कम हो गया है और कल (शुक्रवार को) हरियाणा में कहीं-कहीं लू का असर देखा गया।’’
पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आसपास के हिस्सों में शुक्रवार को व्यापक रूप से बारिश हुई, जिससे लू की स्थिति से राहत मिली।
आईएमडी ने कहा, ‘‘उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान आज तीन से चार डिग्री सेल्सियस गिरने की संभावना है और उसके बाद भी कोई महत्वपूर्ण बदलाव की संभावना नहीं है। परिणामस्वरूप, अगले पांच दिन इस क्षेत्र में लू की स्थिति बनने की कोई संभावना नहीं है।’’
उसने कहा कि अरब सागर से दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के कारण लू के असम में कमी आई है। बहरहाल, इन हवाओं के साथ आर्द्रता में बढ़ोतरी होने के कारण अगले पांच दिनों के दौरान मौसम असुविधाजनक बना रहेगा। पिछले दो दिन में दिल्ली समेत कई जगहों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से पार चला गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)