जयपुर, पांच अगस्त राजस्थान सरकार ने भीलवाड़ा जिले के थाना कोटड़ी में बालिका से दुष्कर्म एवं हत्या की घटना को गंभीरता से लेते हुए न्यूनतम अवधि में चालान पेश कर अपराधियों को यथाशीघ्र एवं सख्त सजा दिलाने के हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को इस संबंध में ट्वीट किया कि इस जघन्य घटना में पुलिस ने अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इसके अनुसार इस मामले को लेकर उन्होंने शुक्रवार को मुख्य सचिव व पुलिस महानिदेशक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की।
गहलोत ने लिखा, 'इस मामले को केस ऑफिसर स्कीम के तहत लेकर न्यूनतम समय में चालान पेश कर एवं फास्ट ट्रैक कोर्ट से इन आरोपियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलवाई जाएगी। इसके लिए अतिरिक्त महानिदेशक (अपराध) को भीलवाड़ा जाकर निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।'
उन्होंने लिखा, ‘‘राजस्थान ऐसा राज्य है जहां कोई भी घटना घटित होने पर त्वरित कार्रवाई की जाती है एवं मुल्जिमों को पकड़ने का भी रिकॉर्ड बनाया गया है। आगे भी पुलिस निष्पक्ष रहकर कार्रवाई जारी रखेगी।'
इससे पहले गहलोत ने मीडिया से बातचीत में भी कहा था कि राज्य सरकार अपराध की ऐसी घटनाओं को बहुत गंभीरता से ले रही है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार रात एक उच्चस्तरीय बैठक में कानून व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की थी।
प्रदेश के पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने एक बयान में कहा कि भीलवाड़ा मामले में त्वरित व गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान के लिए एफएसएल विशेषज्ञों की टीम भी भिजवाई गई है।
इस मामले में एक नाबालिग के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद उसके शरीर को कोयला बनाने वाली भट्टी में डाल दिया गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वहीं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी शनिवार को कोटड़ी पहुंचे। पार्टी प्रवक्ता के अनुसार जोशी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY