देश की खबरें | मतदाता पहचान पत्र मुद्दे पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त की बैठक अपनी कमियों को छिपाने का प्रयास : तृणमूल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तृणमूल कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि मतदाता पहचान पत्र को आधार कार्ड से जोड़ने पर चर्चा के लिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त द्वारा बुलाई गई बैठक ‘‘अपनी कमियों को छिपाने का एक उपाय है’’।
नयी दिल्ली, 15 मार्च तृणमूल कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि मतदाता पहचान पत्र को आधार कार्ड से जोड़ने पर चर्चा के लिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त द्वारा बुलाई गई बैठक ‘‘अपनी कमियों को छिपाने का एक उपाय है’’।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मतदाता सूची के आंकड़ों में हेराफेरी के आरोपों के बीच मतदाता पहचान पत्रों को आधार से जोड़ने के मुद्दे पर चर्चा के लिए केंद्रीय गृह सचिव और विधायी सचिव के साथ बैठक बुलाई है।
विभिन्न राज्यों में मतदाताओं को आवंटित किए गए ‘डुप्लीकेट' मतदाता फोटो पहचान पत्र क्रमांक के मामलों को उठाते हुए, विपक्षी दल तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि निर्वाचन अधिकारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मदद करने के लिए मतदाता सूची में हेराफेरी कर रहे हैं।
राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस की उपनेता सागरिका घोष ने कहा कि ‘डुप्लिकेट’ ईपीआईसी क्रमांकों पर निर्वाचन आयोग द्वारा पहले जारी किए गए बयान और अब बुलाई गई यह बैठक ‘‘अपनी कमियों को छिपाने का एक उपाय है’’।
उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस अगले विधानसभा चुनाव तक कड़ी निगरानी रखेगी।
घोष ने कहा, ‘‘पहले तीन बयान जारी किया जाना। अब यह बैठक। यह सिर्फ अपनी कमियों को छिपाने का एक उपाय है। हम चुनाव तक कड़ी निगरानी रखेंगे।’’
तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने 11 मार्च को मतदाता पहचान पत्र क्रमांक संख्या में दोहराव के मुद्दे पर निर्वाचन आयोग से मुलाकात की थी और आरोप लगाया था कि आधार कार्ड की भी ‘क्लोनिंग’ की जा रही है, जिससे इनका फर्जी मतदाता पंजीकरण के लिए इस्तेमाल होने की आशंका है।
इस बीच, कई अन्य विपक्षी दलों ने भी इस मुद्दे पर चर्चा की मांग की है और इसे लोकतंत्र के लिए एक बड़ा मुद्दा बताया है।
एक सूत्र के अनुसार, विपक्षी दलों का कहना है कि उस नियम के प्रति उनका रुख लचीलापूर्ण जिसके तहत चर्चा होनी चाहिए, लेकिन उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि संसद को इस मुद्दे पर चर्चा करनी चाहिए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)